तलोजा जेल र (सोर्स - सोशल मिडिया)  
मुंबई

तलोजा जेल दागदार, कांस्टेबल ही निकला ड्रग तस्कर, पैंट की जेब में चरस-नशीली गोलियां छिपाकर घुसते गिरफ्तार

Taloja Central Jail: नवी मुंबई की तलोजा सेंट्रल जेल में कैदियों को ड्रग्स सप्लाई करने जा रहे कांस्टेबल आदित्य शेलार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। उसकी जेब से चरस और नशीली गोलियां बरामद हुईं।

रूपम सिंह

Taloja Central Jail Crime News: नवी मुंबई स्थित तलोजा सेंट्रल जेल में कैदियों तक नशीले पदार्थ पहुंचाने की कथित साजिश का पर्दाफाश करते हुए जेल प्रशासन ने एक कांस्टेबल को ड्रग्स के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 24 वर्षीय कांस्टेबल आदित्य शेलार के रूप में हुई है। मामले में खारघर पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

खुफिया सूचना के बाद चलाया गया तलाशी अभियान

जेल प्रशासन को सूचना मिली थी कि खाकी वर्दी में एक व्यक्ति जेल परिसर के भीतर नशीले पदार्थ पहुंचाने की कोशिश कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए जेल के प्रवेश द्वार पर आने-जाने वाले कर्मचारियों और अन्य लोगों की अचानक जांच शुरू की गई। इसी दौरान दिन की शिफ्ट में ड्यूटी कर रहे कांस्टेबल आदित्य शेलार की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई दीं। शक के आधार पर जेल के एक कर्मचारी ने उसकी तलाशी ली, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ।

जेब से मिली चरस और नशीली गोलियां

तलाशी के दौरान शेलार की खाकी पैंट की जेब से 45.92 ग्राम चरस और 20.55 ग्राम वजन की नशीली गोलियां बरामद की गईं। जब्त किए गए नशीले पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 47 हजार रुपये बताई गई है। बरामदगी के बाद आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया गया। नवी मुंबई पुलिस ने जब्त सामग्री को जांच के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

कैदियों तक पहुंचाई जानी थी खेप

जेल प्रशासन की शिकायत के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि नशीले पदार्थों की यह खेप जेल के अंदर बंद कैदियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से लाई जा रही थी। हालांकि, यह सामग्री किस कैदी या गिरोह तक पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जाएगी और जरूरत पड़ने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी सामने आ चुके हैं सुरक्षा उल्लंघन के मामले

गौरतलब है कि तलोजा सेंट्रल जेल पहले भी सुरक्षा संबंधी चूक और प्रतिबंधित वस्तुओं की बरामदगी को लेकर चर्चा में रही है। जेल परिसर में अवैध मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य प्रतिबंधित सामान मिलने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं।

ताजा घटना ने एक बार फिर जेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, जेल प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जा रहा है तथा ऐसे मामलों पर शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाएगी।

आज की ताजा खबर 10 अगस्त: एक क्लिक में पढ़ें देश-दुनिया की सभी बड़ी खबरें

जब सुप्रिया सुले की बेटी के रिसेप्शन में आमने-सामने आए अमित शाह और राहुल गांधी, VIDEO में देखें आगे क्या हुआ?

सौरव गांगुली को जान से मारने की धमकी, CAB ऑफिस में लेटर मिलने से हड़कंप, पत्नी डोना और स्टाफ का भी जिक्र

दिल्ली में रेवती सुले और सारंग के रिसेप्शन में एक साथ पहुंचे राहुल, प्रियंका और सोनिया गांधी, देखें VIDEO

Delhi AAP Protest: 4200 की साइकिल 6957 में क्यों? AAP ने दिल्ली सरकार पर उठाए सवाल, 90 करोड़ के घोटाले का आरोप