

पवन खेड़ा ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री की प्रधानमंत्री पद की महत्वाकांक्षा पर उठाया सवाल।
केंद्र सरकार और उद्योगपति से टकराव मोल लेने को बड़ा राजनीतिक संकेत बताया गया।
FSSAI विवाद और नवी मुंबई एयरपोर्ट योजना के विरोध का विशेष रूप से जिक्र हुआ।
Devendra Fadnavis Eyeing PM Chair Pawan Khera Statement: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्र सरकार के बीच दो अलग-अलग मुद्दों पर सामने आए मतभेद अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गए हैं। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने इन घटनाक्रमों को प्रधानमंत्री पद की महत्वाकांक्षा से जोड़ते हुए फडणवीस पर तंज कसा है।
पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया लिखा कि फडणवीस की नजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुर्सी पर है। इतना ही नहीं, उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी टैग करते हुए पूछा, योगी जी, आपका ध्यान किधर है? दिल्ली की कुर्सी पर तो फडणवीस की नजर है।
पवन खेड़ा ने अपने पोस्ट में दो घटनाओं का जिक्र किया। पहला, महाराष्ट्र सरकार का FSSAI के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंचना और दूसरा, नवी मुंबई एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को स्थानांतरित करने की योजना का मुख्यमंत्री फडणवीस द्वारा विरोध करना।
कांग्रेस नेता ने तंज कसते हुए कहा कि एक ही सप्ताह में केंद्र और उसके पसंदीदा उद्योगपति से टकराव मोल लेना किसी बड़ी राजनीतिक महत्वाकांक्षा का संकेत है। हालांकि, फडणवीस की प्रधानमंत्री पद की दावेदारी को लेकर उन्होंने कोई ठोस प्रमाण पेश नहीं किया।
मुंबई एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) ने मार्च 2027 से 14 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों की उड़ानों को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर स्थानांतरित करने का प्रस्ताव रखा था। इनमें दोहा, जेद्दा, ढाका, काठमांडू, मस्कट, रियाद और कुवैत सिटी जैसे शहर शामिल हैं।
इस पर देवेंद्र फडणवीस ने साफ कहा कि मुंबई से कोई भी उड़ान बाहर नहीं जानी चाहिए। उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को पत्र लिखकर वैकल्पिक योजना भी सुझाई। मुख्यमंत्री के मुताबिक, पहले टर्मिनल 1B विकसित किया जाए, फिर टर्मिनल 1A का संचालन वहां स्थानांतरित कर मौजूदा टर्मिनल को हटाया जाए। इससे मुंबई एयरपोर्ट का संचालन प्रभावित किए बिना पुनर्विकास किया जा सकता है।
दूसरा मामला खाद्य सुरक्षा नियमन से जुड़ा है। महाराष्ट्र सरकार ने FSSAI और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। राज्य का आरोप था कि केंद्र ने खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस और निरीक्षण व्यवस्था में समानांतर अधिकार स्थापित कर राज्य के अधिकारों में हस्तक्षेप किया है।
हालांकि, 13 नवंबर को इस मामले में नया घटनाक्रम सामने आया। महाराष्ट्र के FDA विभाग ने केंद्र के साथ बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की दिशा में कदम उठाते हुए हाईकोर्ट में दायर याचिका वापस लेने का फैसला किया। विभाग की ओर से राज्य के महाधिवक्ता को इस संबंध में पत्र भी भेजा गया।
पवन खेड़ा ने इन्हीं दोनों घटनाओं को जोड़कर फडणवीस पर राजनीतिक हमला बोला है। उनके ट्वीट के बाद अब चर्चा इस बात की भी है कि क्या महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के केंद्र के साथ इन मुद्दों पर अलग रुख अपनाने को कांग्रेस प्रधानमंत्री पद की महत्वाकांक्षा से जोड़कर देख रही है। हालांकि, फडणवीस की ओर से पवन खेड़ा के इस राजनीतिक तंज पर कोई प्रतिक्रिया सामने आने की पुष्टि नहीं है।