शिंदे गुट के नगरसेवक पर यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग का आराेप, साहिल चौगुले बोले- ये मुझे बदनाम करने की साजिश

Sahil Chougule Case: मुंबई में बीजेपी पदाधिकारी के बाद अब नवी मुंबई में शिंदे गुट के स्वीकृत नगरसेवक साहिल चौगुले पर एक महिला से दुष्कर्म और धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज हुआ है।
Sahil Chougule Physical Abuse Case
साहिल चौगुले (फाइल फोटो, सोशल मीडिया)
Updated on

Sahil Chougule Physical Abuse Case: महाराष्ट्र की राजनीति में नेताओं पर लग रहे गंभीर आरोपों से हड़कंप मचा हुआ है। हाल ही में मुंबई के कुलाबा में बीजेपी के स्थानीय पदाधिकारी युसूफ रंगवाला पर एक महिला कार्यकर्ता के उत्पीड़न का मामला डोंगरी पुलिस स्टेशन में दर्ज हुआ था। इस घटना की गूंज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि अब नवी मुंबई से एक और ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां शिवसेना के एक मनोनीत नगरसेवक पर 26 वर्षीय विवाहित महिला के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

नवी मुंबई के रबाले पुलिस स्टेशन में एकनाथ शिंदेक के नेतृत्व वाली शिवसेना के मनोनीत पार्षद साहिल चौगुले के खिलाफ 26 वर्षीय विवाहित महिला के साथ कथित तौर पर यौन शोषण और मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत करने वाली महिला का आरोप है कि साहिल चौगुले ने कई बार उसका यौन शोषण किया और उसकी अश्लील तस्वीरें लेकर उसे ब्लैकमेल किया।

यौन शोषण के आरोपों पर क्या बोले साहिल चौगुले?

नवी मुंबई पुलिस ने 25 साल के साहिल चौगुले के खिलाफ यौन और छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है। हालांकि साहिल चौगुले ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि ये आरोप झूठे हैं और एक राजनीतिक साजिश का हिस्सा हैं।

उन पर जुलाई 2024 से एक 26 साल की महिला का कई बार यौन शोषण करने का आरोप है। उनके साथी ऐरोली के चिंचपाड़ा निवासी अमित मौर्य को भी सह-आरोपी बनाया गया है। उन्होंने ही अपने नाम पर वह होटल का कमरा बुक किया था जहां कथित यौन शोषण हुआ था।

मिली जानकारी के मुताबिक, शिकायत करने वाली महिला ने पहले मई में पुलिस को एक अर्जी दी थी, जिसमें कहा गया था कि पूरी घटना एक गलतफहमी की वजह से हुई थी। हालांकि, बुधवार देर रात वह फिर से पुलिस स्टेशन गई और साहिल चौगुले के खिलाफ यौन शोषण की शिकायत दर्ज कराई।

पैसे ऐंठने के लिए झूठा आरोप

26 साल महिला ने शिंदे गुट के पार्षद साहिल चौगुले पर जुलाई 2024 से बार-बार यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। हालांकि, चौगुले का आरोप है कि महिला लोगों से पैसे ऐंठने के लिए उन पर रेप के झूठे आरोप लगाती है।

साहिल चौगुले ने दावा किया कि पिछले साल इसी महिला ने रबाले MIDC के एक पुलिस इंस्पेक्टर को निशाना बनाया और उनके खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराई। मैंने रबाले पुलिस को एक ऑडियो क्लिप सौंपी है, जिसमें शिकायत करने वाली महिला यह मानती है कि वह यौन उत्पीड़न की झूठी शिकायतें दर्ज कराकर लोगों को फंसाती है और पैसे ऐंठने के लिए उन्हें ब्लैकमेल करती है।

चौगुले ने कहा कि आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी के एक व्यक्ति द्वारा मुझे बदनाम करने के लिए रची गई एक राजनीतिक साजिश है, जिसमें मेरे राजनीतिक करियर को खत्म करने के मकसद से उस महिला का इस्तेमाल मेरे खिलाफ झूठी FIR दर्ज कराने के लिए किया गया।

पीड़िता का क्या आरोप है?

पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि जुलाई 2024 में वह ऐरोली में चौगुले के अपार्टमेंट में अपने अंकल से मिलने गई थी, जो वहां काम करते थे। चौगुले ने उससे कहा कि जब तक उसके अंकल वापस नहीं आ जाते, वह अपार्टमेंट में ही इंतजार करे। इस दौरान उसने उसे नशीला पदार्थ खिलाया और उसका यौन शोषण किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि चौगुले ने उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।

जब पीड़ित ने चौगुले से अपने मोबाइल फोन से अश्लील तस्वीरें हटाने के लिए कहा, तो उसने मना कर दिया और उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। बाद में, जब पीड़िता ने एक अनजान नंबर से साहिल चौगुले से संपर्क किया, तो उसने उसके साथ बदसलूकी की और तस्वीरें हटाने से फिर इनकार कर दिया। 1 जून को उसने ठाकरे गुट के एक नेता से संपर्क किया, जिन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने में उसकी मदद की।

Navbharat Live
navbharatlive.com