Mumbai Police Detains 400 Hundred Protesters: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में उस समय भारी हड़कंप मच गया जब पुलिस ने दक्षिण मुंबई स्थित ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान और नाना चौक के पास से प्रसिद्ध अभिनेता इमरान खान समेत 400 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
ये सभी लोग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित विरोध-प्रदर्शन के समर्थन में एकजुट हुए थे।
शनिवार को मुंबई पुलिस ने बिना अनुमति के जुटने वाले प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पूरे इलाके में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे। ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान के चारों ओर मजबूत बैरिकेड्स लगा दिए गए थे और मैदान के सभी मुख्य द्वारों पर पुलिस की भारी फोर्स तैनात कर दी गई थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बंबई उच्च न्यायालय के आदेशों के तहत अगस्त क्रांति मैदान आधिकारिक विरोध-प्रदर्शन स्थल नहीं है, जिसके चलते यह एहतियाती कार्रवाई की गई।
पुलिस कार्रवाई की इस ज़द में केवल अभिनेता इमरान खान ही नहीं आए, बल्कि महात्मा गांधी के पड़पोते और हम भारत के लोग संगठन के प्रमुख तुषार गांधी को भी बांद्रा से हिरासत में लेकर डीएन नगर पुलिस स्टेशन ले जाया गया।
इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता फिरोज़ मीठीबोरवाला, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के समर्थकों और प्रकाश आंबेडकर की वंचित बहुजन आघाड़ी के कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे भी स्थिति का जायजा लेने पुलिस स्टेशन पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि SIR प्रक्रिया और फॉर्म 6 में बदलाव के जरिए मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर हेरफेर किया गया है। प्रदर्शन में शामिल रुबैद भोजानी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को काफी सख्ती के साथ हिरासत में लिया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तुरंत इस्तीफे की मांग की।
दादर स्थित शिवाजी पार्क और दक्षिण मुंबई के हुतात्मा चौक समेत शहर के कई संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और महिला अधिकारियों की तैनाती की गई है। पुलिस प्रशासन के मुताबिक हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लोकतंत्र और मताधिकार की सुरक्षा को लेकर मुंबई से दिल्ली तक गर्माया यह मुद्दा अब देश की राजनीति में चर्चा का केंद्र बन गया है।