

Highlights
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में 26 नवंबर को घना कोहरा छाने की संभावना है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में कुछ जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट है।
आंध्र प्रदेश और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, बिजली और तेज हवाएं चल सकती हैं।
26 November Weather Forecast: आमतौर पर जिस कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का सामना दिसंबर के मध्य में करना पड़ता है, उसने इस बार नवंबर के अंतिम सप्ताह में ही दस्तक दे दी है। उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं और पहाड़ों की बर्फबारी ने दिल्ली-एनसीआर से लेकर बिहार तक तापमान का गणित बिगाड़ दिया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चिंता जहां सुबह की धुंध और प्रदूषण के कॉकटेल ने बढ़ाई है, वहीं मौसम विभाग ने 10 से ज्यादा राज्यों के लिए कोहरे और बारिश की दोहरी चेतावनी जारी की है।मौसम विभाग ने 26 नवंबर के लिए दिल्ली-एनसीआर समेत पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के साथ-साथ अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश की संभावना है। इन इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 30 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज व तूफानी हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर और पूर्वी भारत के मैदानी व पहाड़ी राज्यों में सुबह-शाम की ठिठुरन के साथ कोहरे का असर बढ़ रहा है। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और ओडिशा के कई हिस्सों में सुबह के समय हल्के से लेकर घना कोहरा छाने का अनुमान है। कोहरे के कारण पंजाब और हिमाचल जैसे राज्यों में दृश्यता घटकर 50 से 199 मीटर तक सिमट सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
दिल्ली में नवंबर के आखिरी में ही पारे में अच्छी गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार सुबह हल्का कोहरा और धुंध छा सकती है, जबकि उत्तर-पश्चिमी दिशा से आने वाली सर्द हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ाएंगी। न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के दायरे में रहने का अनुमान है, वहीं दिन का अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
पंजाब में भी सुबह और रात की सर्दी लगातार बढ़ रही है। कई क्षेत्रों में सुबह घना कोहरा आवाजाही में बाधा डाल सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों के लिए कोहरे की चेतावनी जारी की है, जिससे विजिबिलिटी घटकर 50 से 199 मीटर तक सिमट सकती है। रात का पारा लगभग 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। ऐसे में सुबह सड़क पर निकलने वालों को सतर्क रहना होगा, क्योंकि इसका असर रेल और सड़क यातायात पर भी पड़ सकता है।
बिहार में भी दिन की शुरुआत अब कोहरे और ठंड के साथ हो रही है, खासतौर पर उत्तरी और पूर्वी जिलों में कोहरे का ज्यादा प्रभाव रह सकता है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार गुरुवार सुबह कुछ इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी, मगर शाम ढलते ही ठंड फिर से बढ़ जाएगी। राज्य में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
हरियाणा में भी ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है, विशेषकर सुबह और देर रात बाहर निकलने वालों को अधिक ठिठुरन महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार सुबह कई जिलों में घना कोहरा छा सकता है। सर्द हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट मुमकिन है, जिससे रात का तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का प्रभाव अब निचले और मैदानी इलाकों तक पहुंचने लगा है। पहाड़ों पर तापमान शून्य से नीचे जा चुका है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बिलासपुर, मंडी और ऊना जिलों में कोहरे की चेतावनी जारी की है, जहां सुबह के समय दृश्यता कम रह सकती है। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में सर्दी और बढ़ने के आसार हैं।