झारखंड में SIR पर सरकार का विरोध, 38% मतदाताओं के प्रभावित होने का दावा; प्रक्रिया रोकने की मांग

Jharkhand SIR Controversy: झारखंड सरकार ने SIR प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे रोकने और नियमों में बदलाव की मांग की है। संकल्प में 38% से अधिक मतदाताओं के प्रभावित होने का दावा किया गया है।
Jharkhand Legislative Assembly
झारखंड विधानसभासोर्स-सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • झारखंड सरकार के संकल्प में 2.64 करोड़ मतदाताओं में से 38% से अधिक के प्रभावित होने का दावा किया गया है।

  • सरकार ने मौजूदा SIR प्रक्रिया रोककर नियमों को आसान और पारदर्शी बनाने की मांग की है।

  • आदिवासी, PVTG समुदाय, प्रवासी मजदूरों, महिलाओं और बुजुर्गों को होने वाली परेशानियों का मुद्दा उठाया गया है।

Jharkhand Voter List Revision: झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र बुधवार से शुरू हो गया है। इस सत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR का मुद्दा छाया हुआ है। राज्य सरकार का कहना है कि मौजूदा प्रक्रिया में कई ऐसी खामियां हैं, जिनसे बड़ी संख्या में आम मतदाताओं को परेशानी हो सकती है। सरकार ने इस संबंध में एक राजकीय संकल्प तैयार किया है। इसके जरिए केंद्र सरकार और संबंधित अधिकारियों के सामने SIR की प्रक्रिया में बदलाव की मांग रखी जाएगी।

राज्य सरकार ने अपने संकल्प में दावा किया है कि झारखंड में मतदाता सूची के प्रारूप से करीब 16 प्रतिशत नाम हटाए गए हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोगों को संदेहास्पद मानकर नोटिस भेजे गए हैं। सरकार का तर्क है कि नामों की वर्तनी, उम्र और परिवार से जुड़ी सामान्य गलतियों के कारण भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ऐसे में किसी योग्य नागरिक का वोट देने का अधिकार नहीं छिनना चाहिए।

झारखंड में कितने मतदाताओं के नाम प्रभावित होने का दावा?

राजकीय संकल्प में दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, झारखंड में कुल 2.64 करोड़ मतदाता हैं। इनमें से SIR के पहले चरण के बाद जारी प्रारूप मतदाता सूची में 2.21 करोड़ लोगों के नाम शामिल किए गए। सरकार का दावा है कि इस तरह करीब 16 प्रतिशत मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची में नहीं दिखे।

इसके अलावा प्रारूप सूची में शामिल 2.21 करोड़ मतदाताओं में से लगभग 27 प्रतिशत लोगों को संदेहास्पद मानकर नोटिस जारी किए जाने की बात कही गई है। सरकार के अनुसार, इन नोटिसों में 75 प्रतिशत से ज्यादा मामले नाम की वर्तनी, माता-पिता की जानकारी, उम्र के अंतर और परिवार से जुड़े दूसरे रिकॉर्ड में अंतर के कारण सामने आए हैं। संकल्प में कहा गया है कि कुल मतदाताओं में से 38 प्रतिशत से अधिक लोग या तो नाम हटने या संदेहास्पद श्रेणी में रखे जाने से प्रभावित हो सकते हैं।

Jharkhand Legislative Assembly
वंदे भारत के लोको पायलट ने 2 बार मदद मांगी, लेकिन बिना ब्रेक के 463 किमी पटरी पर दौड़ती रही Vande Bharat

आदिवासी और PVTG समुदायों के सामने अलग तरह की मुश्किलें

राज्य सरकार ने कहा है कि झारखंड की सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियां दूसरे राज्यों से अलग हैं। यहां बड़ी आबादी आदिवासी और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों यानी PVTG समुदायों से आती है। कई क्षेत्रों में शिक्षा और सरकारी दस्तावेजों को लेकर जागरूकता की कमी के कारण पुराने रिकॉर्ड में जन्मतिथि और पारिवारिक जानकारी सही तरीके से दर्ज नहीं हुई है।

सरकार की चिंता है कि माता-पिता और बच्चों की उम्र में अंतर जैसे मामलों को तार्किक विसंगति मान लिया जाए तो कई वास्तविक मतदाताओं को नोटिस मिल सकता है। इससे उन लोगों को भी परेशानी होगी, जिनके पास पुराने रिकॉर्ड में दर्ज जानकारी को साबित करने के लिए पर्याप्त दस्तावेज नहीं हैं।

दूसरे राज्यों में रहने वाले मजदूर और छात्र भी प्रभावित

झारखंड से बड़ी संख्या में लोग रोजगार और पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों में रहते हैं। दिल्ली, मुंबई और सूरत जैसे शहरों के अलावा कई लोग विदेशों में भी काम करते हैं। खेती के मौसम में भी ग्रामीण इलाकों से लोग काम की तलाश में बाहर जाते हैं।

ऐसे लोगों के लिए तय समय पर फॉर्म भरना या अपने गांव में मौजूद रहना मुश्किल हो सकता है। सरकार का कहना है कि परिवार के किसी सदस्य की अनुपस्थिति के कारण भी मतदाता सूची से नाम हटने का खतरा बना रहता है।

दस्तावेजों की कमी से बढ़ सकती है परेशानी

राजकीय संकल्प में दस्तावेजों से जुड़ी दिक्कतों का भी जिक्र किया गया है। राज्य के कई बुजुर्गों के पास जन्म प्रमाण पत्र, मैट्रिक का प्रमाण पत्र या पासपोर्ट जैसे दस्तावेज नहीं हैं। वहीं, आधार कार्ड, राशन कार्ड, वोटर आईडी और खतियान जैसे दस्तावेजों को सुझाए गए 11 दस्तावेजों की सूची में शामिल नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाया गया है।

इसके अलावा नाम की स्पेलिंग में अंतर होने से आवेदन अटकने या लोगों को संदेहास्पद श्रेणी में रखे जाने की आशंका जताई गई है। शादी के बाद महिलाओं के नाम और पते में बदलाव, पिता या पति के नाम में अंतर, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं के दस्तावेजों की जांच को भी सरकार ने चुनौती बताया है।

BLO और तकनीकी व्यवस्था को लेकर भी सवाल

मौजूदा सरकार के मुताबिक, बूथ लेवल ऑफिसर यानी BLO को कम समय में बड़ी संख्या में मतदाताओं तक पहुंचना पड़ता है। ऐसे में हर व्यक्ति की जानकारी और दस्तावेजों की सही जांच करना मुश्किल हो सकता है।

वहीं, इसके अलावा स्मार्टफोन और OTP से जुड़ी तकनीकी समस्याएं, मतदाता सूची से नाम गायब होना और मतदान केंद्र बदलने जैसी शिकायतों का भी संकल्प में उल्लेख किया गया है।

संविधान और मताधिकार का दिया हवाला

राजकीय संकल्प में जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 16 और 19 के साथ संविधान के अनुच्छेद 326 का हवाला दिया गया है। अनुच्छेद 326 वयस्क नागरिकों को चुनाव में मतदान का अधिकार देने से जुड़ा है। सरकार का कहना है कि मतदाता सूची को सही करना जरूरी है, लेकिन इस प्रक्रिया में किसी योग्य नागरिक को वोट देने के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

संकल्प में पश्चिम बंगाल में SIR के दौरान 90 लाख से अधिक नाम हटाए जाने और अपीलों के लंबित रहने का भी उदाहरण दिया गया है। सरकार का मानना है कि झारखंड में भी मौजूदा प्रक्रिया के कारण ऐसी समस्याएं सामने आ सकती हैं।

Jharkhand Legislative Assembly
झारखंड के सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी! कितना बढ़ा महंगाई भत्ता और कब से खाते में आएगा पैसा?

SIR पर रोक लगाकर नियम आसान करने की मांग

झारखंड सरकार ने अपने संकल्प में दो प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली, मौजूदा SIR प्रक्रिया को रोककर उसमें जरूरी बदलाव किए जाएं, ताकि पात्र मतदाताओं का नाम सूची से न हटे। दूसरी, सभी राज्यों और राजनीतिक दलों से बातचीत करके सरल और पारदर्शी नियम तैयार किए जाएं।

इसके बाद ही नए सिरे से विशेष गहन पुनरीक्षण कराया जाए। विधानसभा के विशेष सत्र में इस संकल्प पर चर्चा और अनुसमर्थन के बाद इसे केंद्र सरकार तथा संबंधित प्राधिकारों के पास भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इस मुद्दे पर राज्य सरकार और भाजपा के बीच राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है।