मुंबई रियल एस्टेट प्रतीकात्मक तस्वीर, सोर्स: AI
मुंबई

दिवाली पर मुंबई रियल एस्टेट में धनवर्षा, 11 दिनों में बिके 3,683 घर; महाराष्ट्र सरकार को मिले ₹384 करोड़

Mumbai Real Estate Diwali 2026: मुंबई के प्रॉपर्टी बाजार में इस दिवाली जबरदस्त उछाल देखा गया। 11 दिनों में 3,683 घरों की रजिस्ट्री हुई, जिससे महाराष्ट्र सरकार को 384 करोड़ रुपये का राजस्व मिला।

सूर्यप्रकाश मिश्र, आकाश मसने

Highlights

  • दिवाली के 11 दिनों में मुंबई में कुल 3,683 संपत्तियों का पंजीकरण हुआ

  • स्टांप ड्यूटी से महाराष्ट्र सरकार को 384 करोड़ रुपये की कमाई हुई।

  • मुंबई में प्रीमियम घरों की बढ़ी मांग

Property Registration in Mumbai: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के रियल एस्टेट बाजार ने इस दिवाली के दौरान अच्छा प्रदर्शन करते हुए पिछले चार वर्षों का सबसे ऊंचा त्योहारी स्तर दर्ज किया है। बढ़ती महंगाई के बावजूद त्योहारी सीजन में घर खरीदने वालों का उत्साह बरकरार रहा और संपत्ति पंजीकरण से सरकार के राजस्व में भी वृद्धि हुई।

मुंबई में 11 दिनों में 3,683 मकानों का पंजीकरण

नाइट फ्रैंक इंडिया द्वारा महाराष्ट्र पंजीकरण एवं मुद्रांक विभाग (IGR) के आंकड़ों के विश्लेषण के अनुसार, दिवाली की 11 दिनों की अवधि में मुंबई में कुल 3,683 संपत्तियों का पंजीकरण हुआ। पिछले वर्ष इसी अवधि में 3,668 संपत्तियों का पंजीकरण हुआ था। हालांकि संख्या में सालाना आधार पर 0.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई। लेकिन राजस्व संग्रह में बड़ी छलांग देखने को मिली।

महाराष्ट्र सरकार को 384 करोड़ रुपये का राजस्व मिला

दिवाली 2026 के दौरान स्टांप ड्यूटी के रूप में महाराष्ट्र सरकार को 384 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा 339 करोड़ रुपये था। इस प्रकार राजस्व संग्रह में 13 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि हुई।

महंगे और प्रीमियम घरों की ओर रुझान

द गार्डियंस रियल एस्टेट एडवाइजरी के सह-संस्थापक एवं सीईओ राम नाइक के अनुसार, पिछले वर्ष के मजबूत आधार के बावजूद पंजीकरण की संख्या स्थिर रहना बाजार की परिपक्वता और खरीदारों के भरोसे को दर्शाता है। राजस्व में 13 प्रतिशत की वृद्धि मिड-प्रीमियम और लग्जरी आवासीय श्रेणी में मजबूत गतिविधियों का संकेत है। डेवलपर्स की आकर्षक योजनाएं और स्थिर ब्याज दरें भी खरीदारी के फैसलों को प्रोत्साहित कर रही हैं।

प्रेस्कॉन ग्रुप के निदेशक वेदांशु केडिया का मानना है कि श्राद्ध, नवरात्रि से लेकर दिवाली तक खरीदारी की निरंतरता बाजार में मजबूत मांग को दर्शाती है। खरीदार अब बेहतर कनेक्टिविटी, आधुनिक सुविधाओं और जीवनशैली से जुड़े आवासीय प्रोजेक्ट को प्राथमिकता दे रहे हैं। बुनियादी ढांचे और ब्रांडेड प्रोजेक्ट पर भरोसा बरकरार है।

संपत्ति पंजीकरण में 7 प्रतिशत की वृद्धि

द वाधवा ग्रुप के प्रबंध निदेशक नवीन मखीजा के अनुसार जनवरी से अक्टूबर के बीच कुल संपत्ति पंजीकरण में 7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उनके अनुसार, वास्तविक घर खरीदारों की मांग और बेहतर होते शहरी बुनियादी ढांचे से बाजार को मजबूती मिल रही है।

सुपर्ब रियल्टी के प्रबंध निदेशक शिल्पिन तातेर के मुताबिक, पंजीकरण की तुलना में राजस्व में अधिक वृद्धि बड़े आकार के घरों, बेहतर सुविधाओं और भरोसेमंद डेवलपर्स की ओर बढ़ते रुझान को दर्शाती है।

वहीं, ट्रांस्कॉन डेवलपर्स की निदेशक श्रद्धा केडिया-अग्रवाल ने कहा कि खरीदार अब प्रोजेक्ट की गुणवत्ता, समय पर डिलीवरी और कनेक्टिविटी को अधिक महत्व दे रहे हैं। अरिहा ग्रुप के प्रमोटर ध्रुमन शाह ने भी त्योहारी आंकड़ों को मुंबई के आवासीय बाजार की मजबूती का संकेत बताया।

2027 के लिए सकारात्मक संकेत

विशेषज्ञों की राय और पंजीकरण के आंकड़े बताते हैं कि मुंबई शहर में आवासीय संपत्तियों की मांग केवल त्योहारी खरीदारी तक सीमित नहीं है। बेहतर कनेक्टिविटी, पुनर्विकास परियोजनाओं, आधुनिक आवासीय सुविधाओं और एंड-यूजर की सक्रियता से बाजार को समर्थन मिल रहा है। हालांकि, आने वाले महीनों में ब्याज दरों, संपत्ति कीमतों और खरीदारों की क्रय क्षमता का रुझान इस तेजी की निरंतरता तय करेगा।

Kal Ka Mausam: बंगाल की खाड़ी से आ रहा एक और चक्रवाती तूफान, दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में अलर्ट

Chhath Special: छठ पर बिहार जाने वालों को राहत, दिल्ली से चलेंगी 77 स्पेशल बसें, ट्रेन में वेटिंग का झंझट खत्म

Assam Accident: गोलाघाट में ट्रैवलर और कंटेनर ट्रक की भीषण टक्कर, 20 लोगों की मौत; कई घायल

मोदी की कुर्सी पर फडणवीस की नजर? पवन खेड़ा ने PM पद से जोड़ दी महाराष्ट्र CM की महत्वाकांक्षा

किश्तवाड़ में दो SPO की हत्या करने वाले 3 आतंकियों पर 30 लाख का इनाम घोषित, पुलिस ने जारी किए पोस्टर