Maharashtra Top 10 News Updates: महाराष्ट्र में इस समय कुदरत के कहर से लेकर राजनीतिक घमासान तक कई बड़ी गतिविधियां जारी हैं। एक तरफ छत्तीसगढ़ में हुई भारी बारिश के बाद गड़चिरोली के भामरागढ़ में भीषण बाढ़ आ गई है, जहां से सैकड़ों लोगों को सुरक्षित निकाला गया। वहीं राज्य के 265 तालुकों में आधिकारिक तौर पर सूखा घोषित कर दिया गया है।
दूसरी ओर, राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज है; मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ उद्धव ठाकरे गुट और मनसे ने मोर्चे का ऐलान किया है। इसके अलावा, मुंबई में लालबागचा राजा के विसर्जन और एसटी बसों में 1 अक्टूबर से NCMC कार्ड अनिवार्य होने जैसी कई मुख्य खबरें राज्य में सुर्खियों में बनी हुई हैं।
पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश का असर अब महाराष्ट्र के सीमावर्ती इलाकों में देखने को मिल रहा है। बारिश के कारण जलस्तर बढ़ने से गड़चिरोली जिले के भामरागढ़ इलाके में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई। सड़कों और निचले इलाकों में पानी भर जाने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन को तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करना पड़ा।
महाराष्ट्र में जल संकट और कम बारिश के चलते किसानों की बढ़ती चिंताओं के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार ने महाराष्ट्र के कुल 358 में से 265 तालुकों में आधिकारिक तौर पर सूखा घोषित कर दिया है। इसका सीधा मतलब यह है कि राज्य का लगभग 75 प्रतिशत हिस्सा इस समय गंभीर पेयजल और कृषि संकट की चपेट में है।
MSRTC ने अपने यात्रियों के लिए अहम फैसला लिया है। यदि आप एसटी बसों में अमृत वरिष्ठ नागरिक, वरिष्ठ नागरिक या महिला टिकट छूट योजना का लाभ उठाते हैं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। आगामी 1 अक्टूबर 2026 से एसटी बसों में रियायती टिकट प्राप्त करने के लिए NCMC रखना पूरी तरह अनिवार्य कर दिया गया है।
CEC ज्ञानेश कुमार के पद से इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध के स्वर और मुखर होने लगे हैं। अभिजीत दिपके ने ऐलान किया कि यदि ज्ञानेश कुमार ने इस्तीफा नहीं दिया तो CJP 2 अक्टूबर से मुंबई से देशव्यापी आंदोलन शुरू करेंगी। इस मुहिम को आदित्य ठाकरे का भी खुलकर समर्थन मिल गया है, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल काफी बढ़ गई है।
FDA द्वारा गैर-डेयरी व एनालॉग पनीर के खिलाफ उठाये गए सख्त कदम का असर अब पूरे देश में दिखाई दे रहा है। महाराष्ट्र मॉडल की तर्ज पर FSSAI ने भी गैर-दूध घटकों से बने कृत्रिम पनीर को पनीर नाम से बेचने, प्रचारित करने और लेबल करने पर राष्ट्रव्यापी प्रतिबंध लगाने का मसौदा प्रस्ताव जारी किया है।
पश्चिम बंगाल में हाल ही में संपन्न चुनावों के संदर्भ में देश की राजनीति में जबर्दस्त घमासान शुरू हो गया है। BJP द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कामकाज की सराहना करते हुए उन्हें नागरिक सम्मान देने की मांग उठाए जाने के बाद, ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है।
महाराष्ट्र में चुनावी व्यवस्था और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट ने 4 अक्टूबर को संयुक्त मोर्चा निकालने का ऐलान किया है।
नागपुर से मुंबई जा रही दुरंतो एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12290) पर शुक्रवार रात बोरखेड़ी-सिंदी के बीच पथराव की घटना सामने आई। 25 सितंबर को करीब रात 8:27 बजे ट्रेन बोरखेड़ी स्टेशन पार कर रही थी, तभी बाहर से किसी वस्तु या पत्थर के खिड़कियों से टकराने की सूचना मिली।
मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा की विसर्जन यात्रा गिरगांव चौपाटी पर किया गया। ढोल-ताशों की गूंज और भावुक माहौल के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने प्रिय बप्पा के अंतिम दर्शन के लिए उमड़े। हालांकि, समुद्र में ज्वार-भाटा की स्थिति के चलते इस बार भी लालबागचा राजा के विसर्जन में देरी हुई।
महाराष्ट्र के बीड जिले के दादाहरी वडगांव निवासी और शिवसेना के पूर्व तालुकाध्यक्ष शिवाजीराव शिंदे की उनके आवास पर मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या की। घटना के बाद बीड समेत महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है।