Theft At YouTuber Madhumita House: आज कल लोगों के जेहन में रील को लेकर दिवानगी कुछ ऐसी है कि पास में जो कुछ भी सबको सोशल मीडिया पर दिखाना है। कोई गाड़ी ली, कोई मोबाइल लिया, किसी ने जूता तो किसी ने कपड़ा खरीदा, जो कुछ भी खरीदा सोशल मीडिया पर पोस्ट होना जरुरी है। कभी-कभी यही दिखावापन मुसीबत पैदा कर देता है। कुछ ऐसा ही हुआ YouTuber मधुमिता के साथ। YouTuber मधुमिता के घर से चोरो ने करोड़ों का सोना पार कर दिया है। तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले में स्थित उनके घर से करीब 944 ग्राम सोने के गहने और नकदी चोरी होने की खबर सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर मधुमिता अपने पति विनोद कुमार के साथ नागरकोइल के पास थम्माथुकोनम इलाके के VIP Garden में रहती हैं। मिली रिपोर्ट के मुताबिक, यह परिवार करीब 10 महीने पहले यहां शिफ्ट हुआ था। घटना वाली रात दंपति शाम करीब 5 बजे घर से बाहर गया था और रात करीब 11:50 बजे वापस लौटा। घर का मुख्य दरवाजा नहीं खुला तो उन्हें शक हुआ। बाद में पीछे का दरवाजा टूटा मिला और घर के अंदर रखे सोने के गहने गायब थे।
मधुमिता सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर है जो YouTube और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अपने गोल्ड, कैश और लग्जरी लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट के लिए जानी जाती हैं। उनके वीडियो में बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण और नकदी दिखाई देते रहे है। एक रिपोर्ट के अनुसार, उनके एक Video में परिवार के साथ सोने के गहने दिखाने के अलावा 500 रुपये के नोटों का बंडल दिखाते हुए वीडियो बनाई थीं। यही सोशल मीडिया कंटेंट अब चोरी की जांच में भी अहम कड़ी बन गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद राजक्कमंगलम पुलिस मौके वारदात पर पहुंची और चोरी की घटना की हर एक एंगल से जांच शुरु कर दी है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या सोशल मीडिया पर दिखाई गई संपत्ति से घर में मौजूद कीमती सामान की जानकारी मिली थी। हालांकि, अभी यह साबित नहीं हुआ है कि चोरी सोशल मीडिया पोस्ट देखकर ही की गई हुई है। पुलिस इलाकों के CCTV फुटेज समेत दूसरे सुरागों की जांच कर रही है। मिली रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने कई विशेष टीमें भी गठित की हैं।
यानी कहानी सिर्फ 944 ग्राम सोने की चोरी की नहीं है। बड़ा सवाल यह है कि घर में इतनी बड़ी मात्रा में कीमती सामान होने की जानकारी चोरों को कैसे मिली? क्या उन्होंने पहले से ही घर की रेकी की थी या सोशल मीडिया पर दिखाई गई चमक-धमक ने ही उन्हें कोई सुराग दिया? इन सवालों का जवाब पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा।