

Aaditya Thackeray Support To CJP Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पद से इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध के स्वर और मुखर होने लगे हैं। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संयोजक अभिजीत दिपके ने ऐलान किया कि यदि ज्ञानेश कुमार ने इस्तीफा नहीं दिया तो CJP 2 अक्टूबर से मुंबई से देशव्यापी आंदोलन शुरू करेंगी। इस मुहिम को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के युवा नेता आदित्य ठाकरे का भी खुलकर समर्थन मिल गया है, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल काफी बढ़ गई है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए अभिजीत दिपके ने लिखा, "धन्यवाद, आदित्य ठाकरे लोकतंत्र को बचाने की हमारी मुहिम का समर्थन करने के लिए। सभी भारतीयों को, चाहे उनकी राजनीतिक पार्टी या विचारधारा कुछ भी हो, S.I.R. के खिलाफ एकजुट होना चाहिए।"
बता दें कि CJP के संयोजक अभिजीत दिपके ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट करते हुए ऐलान किया था कि यदि ज्ञानेश कुमार 48 घंटे में अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) 2 अक्टूबर यानी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर मुंबई से एक विशाल देशव्यापी विरोध प्रदर्शन की शुरुआत करेगी।
अभिजीत दिपके ने कहा कि यह आंदोलन केवल मुंबई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे भारत के प्रमुख शहरों तक पहुंचाया जाएगा। गांधी जयंती के पावन अवसर पर अभिजीत दिपके ने देशवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि आइए इस दिन लोकतंत्र को बचाने का मजबूत संकल्प लें।
अभिजीत दिपके के इस अल्टीमेटम के बाद शिवसेना (UBT) के नेता आदित्य ठाकरे भी उनके समर्थन में उतर आए हैं। ठाकरे ने कड़े शब्दों में प्रतिक्रिया देते हुए स्पष्ट कर दिया है कि यदि ज्ञानेश कुमार अपने पद से नहीं हटते हैं, तो मुंबई की जनता 2 अक्टूबर से 'वोट चोरी' के खिलाफ भारी संख्या में सड़कों पर उतरेगी। आदित्य ठाकरे के समर्थन को लेकर अभिजीत दिपके ने उनका धन्यवाद किया।
इधर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट ने 4 अक्टूबर को संयुक्त मोर्चा निकालने का ऐलान किया है। मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी। इससे पहले शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने राज ठाकरे से मुलाकात की थी।