

Stone Pelting Borkhedi Case: नागपुर से मुंबई जा रही दुरंतो एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12290) पर शुक्रवार रात बोरखेड़ी-सिंदी के बीच पथराव की घटना सामने आई। 25 सितंबर को करीब रात 8:27 बजे ट्रेन बोरखेड़ी स्टेशन पार कर रही थी, तभी बाहर से किसी वस्तु या पत्थर के खिड़कियों से टकराने की सूचना मिली।
इस घटना में A-1, B-2 और B-5 कोचों की खिड़कियों के शीशे चटक गए। रेलवे के अनुसार, किसी यात्री के घायल होने या संपत्ति के अन्य नुकसान की सूचना नहीं है।
रेलवे के मुताबिक, घटना बोरखेड़ी स्टेशन से आगे बोरखेड़ी-सिंदी सेक्शन में हुई। एस्कॉर्ट स्टाफ और यात्रियों ने भी पुष्टि की कि करीब 20:27 बजे ट्रेन की खिड़कियों पर बाहर से किसी वस्तु के टकराने की आवाज और असर महसूस हुआ। रेलवे अब यह पता लगाने में जुटा है कि घटना वास्तव में किस स्थान पर हुई और पत्थर किस दिशा से फेंका गया था।
घटना की सूचना मिलने के बाद RPF और GRP की टीम ने बोरखेड़ी-सिंदी सेक्शन में करीब किलोमीटर 803 से 796 तक रेलवे ट्रैक के आसपास तलाशी अभियान चलाया। बोरखेड़ी और ब्राह्मणी गांव के आसपास भी जांच की गई। पुलिस ने स्थानीय पुलिस पाटिल और ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध व्यक्ति या ठोस सुराग नहीं मिला। घटना की सटीक जगह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
रेलवे पुलिस ने मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153 के तहत अपराध दर्ज किया है। अपराध संख्या 325/2026 में 26 सितंबर को तड़के 2:55 बजे मामला दर्ज किया गया। पुलिस अब पथराव करने वाले व्यक्ति की पहचान और घटना की सही जगह का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
चलती ट्रेन पर पथराव की घटनाएं रेलवे सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। इस मामले में तीन AC कोचों की खिड़कियां क्षतिग्रस्त हुई हैं। फिलहाल रेलवे और सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल के आसपास उपलब्ध जानकारी और स्थानीय इनपुट के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही हैं।