Julus-E-Muhammadi Chhatrapati Sambhajinagar: ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बुधवार को निकले जुलूस-ए-मुहम्मदी ने शहर में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया। जुलूस शुरू होने से पहले निजामुद्दीन चौक में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार ने शहरवासियों से नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का साथ देने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों का सबसे ज्यादा असर युवा पीढ़ी पर पड़ रहा है। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और युवाओं को इस बुराई से बचाने के लिए नागरिक नशे का कारोबार करने वालों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि शहर में नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस प्रशासन युद्धस्तर पर कार्रवाई कर रहा है। पिछले वर्ष भी इसी मंच से नागरिकों से सहयोग मांगा गया था। इसके बाद शहर के अलग-अलग हिस्सों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए और कई मामलों में मकोका के तहत कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस कार्रवाई के साथ नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है।
प्रवीण पवार ने नागरिकों से नशे के कारोबार तथा शहर का माहौल खराब करने वाले लोगों की जानकारी उनके निजी मोबाइल नंबर 9226514001 पर देने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिक चाहें तो पुलिस आयुक्त कार्यालय में पहुंचकर भी बिना किसी डर के शिकायत कर सकते हैं।
जुलूस-ए-मुहम्मदी व्यवस्थापन कमेटी की ओर से पैगंबर साहब के जन्मदिवस के अवसर पर जुलूस का आयोजन किया गया। कमेटी के संयोजक डॉ। शेख मुर्तूजा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। जुलूस शुरू होने से पहले डॉ। शेख मुर्तूजा ने अमन, शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की।
पुलिस प्रशासन की ओर से कमेटी के जिम्मेदार पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। इसके बाद पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार ने जुलूस को रवाना किया। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त पंकज अतुलकर सहित पुलिस अधिकारी और कमेटी के असदउल्ला तर्रार, आरिफ काजी, मजहर शुत्तारी, हामेदउल्ला खान तर्रार, डॉ। अशफाक इकबाल, नगरसेवक रशीद खान मामू, नवीन ओबेरॉय, हुसैन रजा, ईसा कुरैशी और मुश्ताक अहमद सहित अन्य उपस्थित थे।
जुलूस शहागंज से रवाना होकर संस्थान गणपति, राजाबाजार, नवाबपुरा चौक, निजामुद्दीन चौक, चंपा चौक, शहाबाजार, चेलीपुरा, मंजूरपुरा, मोमिनपुरा, लोटा कारंजा, देवडी बाजार, कबाड़ीपुरा, बुढ्ढीलेन, जुनाबाजार, सिटी चौक, सराफा और गांधी पुतला होते हुए निजामुद्दीन चौक पहुंचा। यहां असदउल्ला खान तर्रार की दुआ और सलाम के साथ जुलूस का समापन हुआ।
जुलूस में विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के जिम्मेदारों के साथ विद्यार्थी और हजारों की संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। बड़ी संख्या में बच्चे हाथों में झंडे लेकर जुलूस में शामिल हुए। बच्चों में जुलूस को लेकर खासा उत्साह नजर आया। पूरे मार्ग पर नागरिकों ने शांतिपूर्ण तरीके से जुलूस का हिस्सा बनकर अमन और भाईचारे का संदेश दिया।
जुलूस के दौरान निजामुद्दीन चौक, शहाबाजार, मंजूरपुरा, लोटा कारंजा, देवडी बाजार, कबाड़ीपुरा, बुढ्ढीलेन, जुनाबाजार और सिटी चौक सहित विभिन्न स्थानों पर परचम कुशाई की गई। संयोजक डॉ। शेख मुर्तूजा के हाथों कई स्थानों पर परचम कुशाई कराई गई।
देवडी बाजार में बोहरा समाज की ओर से धर्मगुरु और मुकर्रम बागवाला की मौजूदगी में पारंपरिक तरीके से जुलूस का स्वागत किया गया। कबाड़ीपुरा में शिया समाज की ओर से मुशीर हुसैन सहित अन्य लोगों ने स्वागत किया। सिटी चौक में युवाओं ने तोप से फूल बरसाकर जुलूस का स्वागत किया।
जुलूस के मार्ग पर विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से नागरिकों के लिए शरबत, भोजन, नमकीन और अन्य खाद्य सामग्री की व्यवस्था की गई थी। देर रात तक शहर में ईद मिलादुन्नबी की खुशी का माहौल बना रहा।
राजाबाजार परिसर में समाजसेवी राजू पिंपले की ओर से लगातार आठ वर्षों से जुलूस के स्वागत में मिठाई वितरित की जा रही है। इस वर्ष भी उन्होंने जुलूस का स्वागत किया। पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार ने उनके कार्य की सराहना करते हुए सामाजिक एकता और भाईचारे की इस परंपरा को बनाए रखने के लिए उनका अभिनंदन किया।