Badnera Voter Verification: बडनेरा विधानसभा क्षेत्र के हजारों मतदाताओं के लिए यह खबर बेहद महत्वपूर्ण है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान निर्वाचन विभाग ने 47,890 मतदाताओं को असंग्रहित श्रेणी में चिन्हित किया है। यदि इन मतदाताओं ने निर्धारित समय के भीतर अपने दस्तावेजों का सत्यापन नहीं कराया, तो उनके नाम मतदाता सूची से हटाए जा सकते हैं। इसे देखते हुए निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र मतदाताओं से तत्काल अपने बीएलओ से संपर्क कर स्थिति स्पष्ट करने की अपील की है।
निर्वाचन विभाग के अनुसार असंग्रहित श्रेणी में मृत मतदाता, स्थायी रूप से अन्य स्थान पर चले गए नागरिक, लंबे समय से अनुपस्थित मतदाता तथा दोहरी प्रविष्टि वाले नाम शामिल हैं। इस संबंध में शुक्रवार को शाम चौक स्थित निर्वाचन कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित कर पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
मतदाता पंजीकरण अधिकारी एवं राजस्व उपजिलाधिकारी विवेक जाधव ने बताया कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम गलती से असंग्रहित सूची में शामिल हो गया है, तो वह तत्काल संबंधित बीएलओ अथवा निर्वाचन कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज जमा करे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा तक गणना प्रपत्र जमा नहीं करने पर संबंधित नाम मतदाता सूची से हटाया जा सकता है। 17 को प्रकाशित होगी सूची भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बडनेरा विधानसभा क्षेत्र में 30 जून से 8 अगस्त 2026 तक घरघर सर्वेक्षण चल रहा है। इस दौरान गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रह और डिजिटलीकरण किया जा रहा है। इसके बाद 17 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।