Youth Killed In Badnera: अमरावती जिले के बडनेरा नई बस्ती के साप्ताहिक बाजार परिसर के शिवाजी चौक में रविवार दोपहर चार से पांच हमलावरों ने पुराने विवाद को लेकर दिनदहाड़े दो युवकों पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया। इस खूनी वारदात में एक युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
वहीं दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल का उपचार निजी अस्पताल में जारी है। मृतक का नाम शेख कासिम शेख शकील (22, गुलिस्ता नगर, बडनेरा) है। घायल का नाम शोएब शाह सरदार शाह (नई बस्ती, बडनेरा) है। इस मामले में पुलिस ने देर रात एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक दिनेश दहातोंडे, बडनेरा थाने के पुलिस निरीक्षक हनुमंत उरलागोंडावार फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रहे है।
जानकारी के अनुसार यह जानलेवा हमला किसी पुरानी रंजिश या विवाद के चलते किया गया है। वारदात के समय 5 से 6 हमलावरों के गिरोह ने दोनों युवकों को घेरकर उन पर अचानक हमला कर दिया। हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बडनेरा पुलिस स्टेशन की टीम और क्राइम ब्रांच का दस्ता तुरंत मौके पर पहुंचा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य जरूरी सबूत जुटाए हैं।
पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। इस घटना के बाद से बडनेरा नई बस्ती इलाके में दहशत और तनाव का माहौल व्याप्त है। पुलिस ने परिसर में बंदोबस्त लगाकर माहौल शांत किया है।
वर्ष 2025 में शहर में कुल 39 हत्या की घटनाएं हुई थी। वहीं पिछले वर्ष 31 अगस्त तक 26 मर्डर हुए थे। लेकिन इस वर्ष 31 अगस्त तक ही 32 हत्या की घटना घटित हुई। इसी तरह 26 अगस्त 2026 तक हत्या के प्रयास के 39 मामले सामने आए है। जिससे शहर में गंभीर अपराधों में इजाफा होने की बात सामने आती है।