उज्जैन में वक्फ कब्रिस्तान और मस्जिद पर प्रशासन की कार्रवाई से मुस्लिम समाज में नाराजगी।
शहर काजी खलिकुर्रहमान ने कार्रवाई को जल्दबाजी में उठाया गया कदम बताया।
वक्फ ट्रिब्यूनल में मामला लंबित होने के बावजूद तोड़फोड़ करने पर प्रशासन से पूछे सवाल।
Ujjain Waqf Property Demolition Controversy: उज्जैन के नीलगंगा स्थित वक्फ कब्रिस्तान, दरगाह सैयद बाबा शाही मकबरा और मस्जिद कलंदरी की संपत्ति पर प्रशासन द्वारा की गई तोड़फोड़ की कार्रवाई को लेकर मुस्लिम समाज में नाराजगी साफ देखने को मिल रही है।
शहर काजी खलिकुर्रहमान ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं और इसे न्यायालय की अवमानना बताया है। शहर काजी ने कहा कि यह कार्रवाई जल्दबाजी में हुई जिसकी वजह से समाज में गहरा आक्रोश है।
इस मामले पर शहर काजी खलिकुर्रहमान ने कहा कि धार्मिक और समाजिक भावनाओं से जुड़े इस मामले में प्रशासन को अधिक संवेदनशीलता और कानूनी प्रक्रिया का पालन करना चाहिए था। उन्होंने आगे कहा कि संबंधित संपत्ति का मामला वक्फ ट्रिब्यूनल में विचाराधीन है। ऐसे में जब न्यायालय में प्रकरण चल रहा था, तो प्रशासन ने अंतिम निर्णय आने तक इंतजार क्यों नहीं किया?
शहर काजी ने सवाल उठाया कि अगर जिला प्रशासन के अनुसार इस स्थान पर कार्रवाई करना जरूरी था, तो न्यायालय के अंतिम फैसले के बाद भी कदम उठाया जा सकता था। उन्होंने शासन और प्रशासन पर न्यायालय के आदेशों का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया और कहा कि इस पूरे मामले में कानूनी प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जानी चाहिए थी।
उज्जैन में हुई कार्रवाई के दौरान कब्रों और मजार को नुकसान पहुंचाए जाने पर भी शहर काजी ने कड़ी नाराजगी दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि जेसीबी मशीन से कब्रों और मजार को तोड़ा गया है, जो धार्मिक मान्यताओं और शरियत के खिलाफ है। शहर काजी ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई बहुत गलत है और इससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने साफ किया कि मुस्लिम समाज इस मामले को लेकर चुप नहीं बैठेगा और कार्रवाई के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेगा।
शहर काजी ने इस मामले में हाईकोर्ट जाने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज अपने अधिकारों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए कानूनी रास्ता अपनाएगा। उनके अनुसार, जब किसी संपत्ति को लेकर विवाद में न्यायालय में लंबित हो, तब प्रशासन को ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहिए जिससे बाद में विवाद और बढ़ जाए। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष समीक्षा की जाए और कार्रवाई के कानूनी आधार को साफ किया जाए।