

Highlights:
कार्तिक पूर्णिमा पर देश के कई शहरों में पूरा चंद्रमा दिखाई दिया।
भोपाल, मोहाली, हैदराबाद और मुंबई से चांद की खूबसूरत तस्वीरें सामने आईं।
मोहाली में गुरुद्वारा श्री अंब साहिब के पास प्रकाश पर्व के अवसर पर पूर्णिमा का चांद नजर आया।
November Full Moon 2026: अगर आपको रात में आसमान और खगोलीय घटनाओं को देखना पसंद है, तो 24 नवंबर की शाम आपके लिए खास होने वाली है। आज आसमान में नवंबर का पूर्ण चंद्रमा यानी बीवर मून दिखाई देगा। भारतीय समय के अनुसार, रात करीब 8:23 बजे चांद अपनी पूर्ण अवस्था में देखा गया।
इस बार की सबसे खास बात यह है कि बीवर मून एक सुपरमून भी है। यानी सामान्य पूर्णिमा के मुकाबले चंद्रमा थोड़ा बड़ा और ज्यादा चमकदार नजर आएगा। इसे देखने के लिए किसी खास उपकरण की जरूरत नहीं है। साफ आसमान और अच्छी जगह मिल जाए तो आप घर की छत या खुले मैदान से भी इस नजारे का आनंद ले सकते हैं।
बता दें कि नवंबर माह की पूर्णिमा को बीवर मून कहा जाता है। इस साल यह 24 नवंबर को दिखाई दे रहा है। कार्तिक पूर्णिमा का चरम समय भारतीय समयानुसार रात 8:23 बजे था। हालांकि, चंद्रमा को देखने के लिए आपको ठीक इसी समय का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। शाम से लेकर रात तक आसमान में इसका खूबसूरत नजारा देखा जा सकता है।
इस बार बीवर मून का सुपरमून होना इसे और खास बना रहा है। जब पूर्णिमा के दौरान चंद्रमा पृथ्वी के अपेक्षाकृत करीब होता है, तो वह सामान्य दिनों की तुलना में कुछ बड़ा और अधिक चमकीला दिखाई देता है।
बीवर मून नाम के पीछे उत्तरी अमेरिका से जुड़ी एक पुरानी परंपरा है। पहले के समय में वहां नवंबर के महीने में बीवर यानी ऊदबिलाव जैसे जलीय जीव सर्दियों के लिए अपने बांध और रहने की जगह तैयार करते थे।
नवंबर की पूर्णिमा का समय इन गतिविधियों से जुड़ा हुआ था। इसी वजह से इस महीने दिखाई देने वाले पूरे चंद्रमा को बीवर मून कहा जाने लगा। समय के साथ यह नाम प्रचलित हो गया और आज भी नवंबर की पूर्णिमा को इसी नाम से जाना जाता है।
चंद्रमा पृथ्वी के चारों ओर बिल्कुल गोल रास्ते में नहीं घूमता, बल्कि उसकी कक्षा थोड़ी अंडाकार होती है। इस कारण पृथ्वी और चंद्रमा के बीच की दूरी बदलती रहती है। जब पूर्णिमा के दौरान चंद्रमा पृथ्वी के करीब होता है, तो उसे सुपरमून कहा जाता है।
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के पृथ्वी एवं ग्रह विज्ञान विभाग के प्रोफेसर और वाइस चेयर केविन लुईस के अनुसार, चंद्रमा की अंडाकार कक्षा के कारण कभी वह पृथ्वी के करीब और कभी दूर होता है। नजदीक आने पर वह आसमान में सामान्य से बड़ा दिखाई दे सकता है।
पेट्रो के मुताबिक, नवंबर का पूर्ण चंद्रमा साल के सबसे छोटे पूर्ण चंद्रमा की तुलना में करीब 17 प्रतिशत बड़ा और 30 प्रतिशत ज्यादा चमकीला नजर आ सकता है।
बीवर मून को देखने के लिए टेलीस्कोप या दूरबीन होना जरूरी नहीं है। इसे सामान्य आंखों से भी देखा जा सकता है। हालांकि, दूरबीन या टेलीस्कोप की मदद से चंद्रमा की सतह को ज्यादा करीब से देखने का मौका मिलता है। इससे वहां मौजूद गड्ढे और बड़े-बड़े गहरे मैदान नजर आ सकते हैं। इन मैदानों को लूनर सीज कहा जाता है। नासा के अनुसार, इनका निर्माण लाखों साल पहले चंद्रमा पर ज्वालामुखी से निकले लावा के फैलने के कारण हुआ था।
बेहतर नजारे के लिए ऐसी जगह चुनें, जहां आसमान साफ हो और आसपास तेज रोशनी न हो। ऊंची इमारतों और पेड़ों से दूर खुली जगह पर चांद को देखना ज्यादा अच्छा अनुभव दे सकता है।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देश के कई हिस्सों में चांद का खूबसूरत नजारा देखने को मिला। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बिड़ला मंदिर के पास आसमान में पूरा चंद्रमा दिखाई दिया। वहीं, पंजाब के मोहाली में गुरुद्वारा श्री अंब साहिब के पास श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर पूर्णिमा का चांद नजर आया।
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में भी कार्तिक पूर्णिमा पर लोगों ने पूर्ण चंद्रमा देखा। इसके अलावा मुंबई में NSE बिल्डिंग से भी आसमान में चमकता हुआ चांद दिखाई दिया।
बीवर मून के बाद भी आसमान में ऐसे नजारे देखने को मिलेंगे। साल 2026 का यह बीवर मून लगातार तीन सुपरमून की श्रृंखला का पहला चंद्रमा है। इसके बाद दिसंबर में कोल्ड मून और जनवरी 2027 में वुल्फ मून दिखाई देगा।
सुपरमून लगातार कई महीनों तक दिखाई देने की वजह चंद्रमा की गति और उसकी कलाओं का समय है। चंद्रमा को पृथ्वी के सबसे करीब वाले बिंदु पर दोबारा पहुंचने में करीब 27.5 दिन लगते हैं, जबकि पूर्णिमा से अगली पूर्णिमा तक का चक्र लगभग 29.5 दिनों में पूरा होता है। दोनों अवधियों में बहुत कम अंतर होने के कारण लगातार आने वाली पूर्णिमाओं के दौरान भी चंद्रमा पृथ्वी के करीब हो सकता है। यही वजह है कि कई महीनों तक सुपरमून देखने का मौका मिल सकता है।