सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर नहीं जला दीप, पुलिस से भिड़े हिंदू संगठन

Thiruparankundram Dispute: तमिलनाडु के तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर विवाद बढ़ गया है। सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बावजूद पहाड़ी की चोटी पर दीप नहीं जलाया गया।
Thiruparankundram Deepam Controversy
तिरुवन्नामलाई में कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान भरणी दीपम जलाया गया(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बावजूद पहाड़ी की चोटी पर दीप नहीं जलाया गया।

  • जिला कलेक्टर को आदेश लागू कराने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था।

  • प्रशासन ने कानून-व्यवस्था का हवाला देकर इलाके में धारा 163 लागू की।

  • बीजेपी नेताओं एल. मुरुगन और नैनार नागेंद्रन को इलाके में जाने से रोका गया।

Thiruparankundram Deepam Controversy: तमिलनाडु में तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर विवाद गहरा गया है। राज्य सरकार ने आज उचि पिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक स्थान पर दीप जलाया, लेकिन पहाड़ी की चोटी पर दरगाह के नजदीक बने पत्थर के खंभे पर दीप नहीं जलाया गया। खास बात यह है कि सुप्रीम कोर्ट ने अपने अंतरिम आदेश में इस खंभे पर दीप जलाने की अनुमति दी थी। 

सुप्रीम कोर्ट ने इसके लिए जिला कलेक्टर को नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया था, ताकि आदेश का पालन सुनिश्चित किया जा सके। इसके बावजूद पहाड़ी की चोटी पर दीप नहीं जलाया गया। विजय के नेतृत्व वाली TVK सरकार ने अब तक यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बाद भी ऐसा क्यों नहीं किया गया। इस घटनाक्रम के बाद सरकार और आदेश लागू कराने की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

कानून-व्यवस्था का हवाला देकर लागू की गई धारा 163

दीप जलाने के स्थान को लेकर विवाद के बीच प्रशासन ने कानून-व्यवस्था का हवाला दिया। सोमवार रात जिला प्रशासन ने इलाके में धारा 163 लागू कर दी थी। अधिकारियों के मुताबिक, खुफिया जानकारी मिली थी कि दोनों समुदायों के कुछ समूह बड़ी संख्या में तिरुप्परनकुंद्रम में जुटने की योजना बना रहे हैं।

इस दौरान बीजेपी के कई नेताओं को भी इलाके में जाने से रोक दिया गया। इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन और तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन शामिल थे। तमिलनाडु के कानून मंत्री निर्मल कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि उचि पिल्लैयार मंदिर के पास निर्धारित पारंपरिक स्थान पर कार्तिगई दीपम जला दिया गया है। हालांकि, उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बावजूद पहाड़ी की चोटी पर दीप नहीं जलाए जाने की वजह नहीं बताई।

Thiruparankundram Deepam Controversy
कहीं इंडिया गेट तो कहीं पवई झील के ऊपर दिखा चांद का जादू, 8 तस्वीरों में देखें Full Moon का नजारा

राजनीतिक दलों ने क्या कहा?

इस फैसले के बाद राज्य में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। सत्ताधारी गठबंधन का हिस्सा रहे कांग्रेस सांसद और तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष मणिकम टैगोर ने उन लोगों पर निशाना साधा, जो दीपम उत्सव को राजनीतिक मुद्दा बना रहे थे। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट करते हुए कहा कि जो लोग दीपम त्योहार के नाम पर राजनीति करने पहुंचे थे, उन्हें निराशा हाथ लगी है।

वहीं, बीजेपी नेता डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन ने राज्य सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कानून मंत्री की ओर से सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश का विरोध करना निंदनीय है। उनके मुताबिक, ऐसी स्थिति में मंत्री को अपने पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने सरकार पर हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं और कानून का सम्मान नहीं करने का आरोप भी लगाया।

मंदिर प्रशासन ने दी अपनी सफाई

मंदिर प्रशासन ने अपने बयान में बताया कि कार्तिगई महा दीपम उचि पिल्लैयार मंदिर के पास बने दीपा मंडपम में जलाया गया। यह स्थान पहाड़ी पर स्थित मुख्य देवता के गर्भगृह के ठीक ऊपर है।

प्रशासन के अनुसार, यहां दीप जलाने की परंपरा सदियों पुराने रीति-रिवाजों, धार्मिक अनुष्ठानों और आगम नियमों पर आधारित है। मंदिर की पारंपरिक धार्मिक गतिविधियों और विशिष्ट रीति-रिवाजों को सुरक्षित रखना जरूरी है।

क्या है तिरुप्परनकुंद्रम दीपम विवाद?

पूरा विवाद इस बात को लेकर है कि तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर मौजूद पत्थर के खंभे पर भी कार्तिगई दीपम जलाया जाना चाहिए या नहीं। यह खंभा एक दरगाह के नजदीक स्थित है। याचिकाकर्ताओं का दावा है कि इसे दीप जलाने के उद्देश्य से बनाया गया था और इसे 'दीपाथून' कहा जाता है।

हाई कोर्ट में सुनाया था अहम फैसला

मद्रास उच्च न्यायालय की मदुरै बेंच ने 1 दिसंबर 2025 को अपने फैसले में निर्देश दिया था कि उचि पिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक स्थान के अलावा पहाड़ी की चोटी पर बने इस खंभे पर भी दीप जलाया जाए।

अदालत ने माना था कि पहाड़ी का अधिकांश हिस्सा मंदिर के अधिकार क्षेत्र में आता है। हालांकि, दरगाह, वहां तक जाने वाली सीढ़ियों और नेल्लीथोपे इलाके को इससे अलग रखा गया था। कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं की इस दलील को भी स्वीकार किया था कि संबंधित पत्थर का खंभा दीप जलाने के लिए बनाया गया था।

DMK ने नहीं लागू होने दिया आदेश

उस समय सत्ता में रही DMK सरकार ने कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताते हुए इस आदेश को लागू नहीं किया था। सरकार का कहना था कि उचि पिल्लैयार मंदिर के पास दीप जलाना 100 साल से भी ज्यादा पुरानी स्थापित परंपरा है।

DMK सरकार ने खंभे के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए थे। उसका तर्क था कि यह दीप जलाने वाला खंभा नहीं, बल्कि सर्वेक्षण के लिए लगाया गया पत्थर है। सरकार के मुताबिक, ऐसा कोई ऐतिहासिक दस्तावेज नहीं है, जिससे साबित हो कि यहां पहले कभी दीप जलाया गया था।

सरकार ने यह भी दलील दी थी कि धार्मिक दीपक जलाने का स्थान आगम नियमों और धार्मिक परंपराओं के आधार पर तय होना चाहिए। इसके अलावा, पहाड़ी पर दरगाह मौजूद होने के कारण सुरक्षा और सांप्रदायिक तनाव की आशंका भी जताई गई थी।

Thiruparankundram Deepam Controversy
रामदेव के पाखंडी वाले बयान पर धीरेंद्र शास्त्री का जवाब, बोले- उनकी निंदा भी हमारे लिए आशीर्वाद

1862 से चला आ रहा है विवाद 

मद्रास हाई कोर्ट के फैसले में बताया गया है कि पहाड़ी की चोटी पर दीप जलाने की कोशिशें पहले भी हो चुकी हैं। साल 1862 और फिर 1912 में ऐसी कोशिशें की गई थीं, लेकिन अधिकारियों ने इन्हें रोक दिया था। उस समय प्रशासन का कहना था कि वहां दीप जलाने की कोई स्थापित परंपरा नहीं है और इससे शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

साल 1996 में भी इस मुद्दे पर विवाद हुआ था। तब मद्रास हाई कोर्ट ने देवस्थानम को भविष्य में पहाड़ी पर किसी अन्य स्थान पर दीप जलाने की संभावना तलाशने की अनुमति दी थी। हालांकि, इसके लिए पहले संबंधित अधिकारियों से मंजूरी लेना जरूरी किया गया था। -एजेंसी इनपुट के साथ