वन विभाग की टीम पर हमला फोटो सोर्स- नवभारत
सागर

सागर में वन विभाग की टीम पर हमला, डिप्टी रेंजर का सिर फूटा, ट्रैक्टर से साथी को कुचलने का आरोप

Sagar Crime News : सागर के शाहगढ़ में वन भूमि पर अतिक्रमण रोकने पहुंची टीम पर हमला हुआ। डिप्टी रेंजर गंभीर घायल, ट्रैक्टर से व्यक्ति को कुचलने का आरोप। तीन लोगों पर केस दर्ज हुआ है।

सरजू पटेल, प्रीतेश जैन

Highlights:

  • सागर के शाहगढ़ के निवाही गांव में वन भूमि पर जुताई रोकने पहुंची टीम पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमले का आरोप।

  • डिप्टी रेंजर शैलेंद्र कुमार तिवारी के सिर में गंभीर चोट, वनपाल नारायण सिंह पलिया भी घायल।

  • घटना के वीडियो में ट्रैक्टर का पहिया एक व्यक्ति के ऊपर से गुजरता दिखा; तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज, पुलिस तलाश में जुटी।

Sagar Forest Department Attack : सागर जिले के शाहगढ़ क्षेत्र में वन भूमि पर अतिक्रमण रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमले का मामला सामने आया है। रविवार रात करीब 11:30 बजे निवाही गांव में 8 से 10 लोगों ने वनकर्मियों पर कथित तौर पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया।

घटना में डिप्टी रेंजर शैलेंद्र कुमार तिवारी और वनपाल नारायण सिंह पलिया घायल हो गए। डिप्टी रेंजर के सिर में गंभीर चोट आई है। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डिप्टी रेंजर को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

वन भूमि पर जुताई रोकने पहुंची थी टीम

डिप्टी रेंजर शैलेंद्र कुमार तिवारी के मुताबिक, निवाही गांव में वन भूमि पर कथित अतिक्रमण की सूचना मिली थी। रविवार रात कुछ लोग ट्रैक्टर से जमीन की जुताई कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम का उद्देश्य जुताई रोकना और ट्रैक्टर को जब्त करना था। मौके पर करीब 8 से 10 वनकर्मी मौजूद थे।

लाठी-डंडों और पत्थरों से हमले का आरोप

तिवारी ने बताया कि वन विभाग की टीम ट्रैक्टर को पकड़ने की कोशिश कर रही थी, तभी मौके पर मौजूद लोगों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। मारपीट में उनके सिर में गंभीर चोट आई, जबकि वनपाल नारायण सिंह पलिया भी घायल हो गए। घटना के बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। डिप्टी रेंजर को बेहतर इलाज के लिए सागर जिला अस्पताल रेफर किया गया।

वीडियो में ट्रैक्टर से कुचलने का दृश्य

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें ट्रैक्टर चालक वाहन स्टार्ट कर तेजी से आगे बढ़ता दिखाई देता है। वीडियो में ट्रैक्टर का पिछला पहिया एक व्यक्ति के ऊपर से गुजरता नजर आता है। इसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच जाती है और वनकर्मी ट्रैक्टर को रोकने के लिए दौड़ते दिखाई देते हैं। हालांकि, चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग जाता है। घायल व्यक्ति की स्थिति और घटना के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

वन विभाग की शिकायत पर शाहगढ़ पुलिस ने निवाही निवासी हरिराम यादव, अमित यादव और हरेन्द्र यादव के खिलाफ मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें जुटी हैं। पुलिस ने बताया कि ट्रैक्टर अभी जब्त नहीं हुआ है। वाहन और उसके चालक का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई सूचना

शाहगढ़ वन परिक्षेत्र की एसडीओ शोभना वर्मा ने बताया कि सागर वन विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई है। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। कर्मचारियों की सुरक्षा और आवश्यक सहायता के संबंध में विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

INDIA Bloc Protest LIVE: राहुल गांधी-खरगे समेत विपक्षी नेता सुप्रीम कोर्ट से निकले, CEC के खिलाफ याचिका दायर

सुप्रीम कोर्ट में राहुल गांधी बनाम चुनाव आयोग, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका दाखिल; 11 नेता बने पक्षकार

एकतरफा प्यार कब तक चलता? आनंद दुबे ने बताया उद्धव ठाकरे का साथ छोड़ने का कारण

अस्पतालों की मनमानी पर सरकार ने लगाया लगाम! इलाज का खर्च सार्वजनिक करना हुआ अनिवार्य

सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करना कितना आसान? राहुल गांधी के मामले से समझिए कानूनी प्रक्रिया