Morena Medical Store Cash Theft : मुरैना के सबलगढ़ में मेडिकल स्टोर के अंदर से दवा कारोबारी का करीब ढाई लाख रुपये से भरा बैग लेकर बदमाश फरार हो गया। व्यापारी मेडिकल स्टोर से दवाओं का पेमेंट लेने पहुंचा था। उसने रुपये बैग में रखे और बैग को अपने पास रखकर पेमेंट लेने लगा। इसी दौरान आरोपी मेडिकल स्टोर में दाखिल हुआ और मौका मिलते ही बैग उठाकर भाग निकला।
घटना सबलगढ़ के सुनहरा क्रॉसिंग के पास स्थित सुरेश मेडिकल स्टोर की है। जानकारी के मुताबिक मुरैना की मां लक्ष्मी एजेंसी के कर्मचारी पिंटू सक्सेना मेडिकल स्टोर संचालकों से दवाओं का पेमेंट लेने सबलगढ़ पहुंचे थे। कई दुकानों से पेमेंट लेने के बाद उन्होंने रुपये बैग में रखे और सुरेश मेडिकल स्टोर पहुंचे। यहां पेमेंट लेते समय उन्होंने रुपयों से भरा बैग बगल में रख दिया।
इसी दौरान एक बदमाश मेडिकल स्टोर के अंदर पहुंचा। कुछ देर बाद उसने व्यापारी के पास रखा रुपयों से भरा बैग उठाया और बाहर की ओर भाग गया। बदमाश को बैग लेकर भागते देखकर व्यापारी और आसपास मौजूद लोगों ने उसका पीछा किया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से भागने में कामयाब रहा।
पीछा किए जाने के दौरान आरोपी अपनी चप्पल तक मौके पर छोड़ गया। इसके बावजूद वह पकड़ में नहीं आया और फरार हो गया। व्यापारी पिंटू सक्सेना के मुताबिक, बैग में करीब ढाई लाख रुपये रखे थे। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
व्यापारी के मुताबिक सूचना देने के करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मेडिकल स्टोर के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज में आरोपी बैग लेकर भागता हुआ दिखाई दे रहा है। अब पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने और तलाश में जुटी है।
घटना के बाद मेडिकल कारोबारियों में भी नाराजगी है। मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष नवलेश गुप्ता ने कहा कि अगर FIR दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर बदमाश गिरफ्तार नहीं हुआ तो मेडिकल स्टोर बंद रखकर आंदोलन किया जाएगा। पुलिस फिलहाल CCTV फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।