पंजाब के पूर्व मंत्री भगत चुन्नी लाल का निधन, 2012 में बादल सरकार में रहे थे कैबिनेट मंत्री

Bhagat Chunni Lal Death: पंजाब के पूर्व मंत्री भगत चुन्नी लाल का 93 साल की उम्र में निधन हो गया। जालंधर में उनका अंतिम संस्कार होगा। सरकार ने आधे दिन की छुट्टी घोषित की।
former cabinet minister bhagat chunni lal death
पूर्व मंत्री भगत सिंह चुन्नी का निधनसौजन्य-सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Bhagat Chunni Lal Funeral: पंजाब के पूर्व मंत्री भगत चुन्नी लाल का 93 वर्ष की आयु में गुरुवार को निधन हो गया। उनके बेटे पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने यह जानकारी दी। चुन्नी लाल ने जालंधर स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली।

आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार में बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा, "चुन्नी लाल भगत जी अब हमारे बीच नहीं रहे। उनके निधन से हमें गहरा दुख हुआ है।" उनका अंतिम संस्कार गुरुवार शाम 5 बजे जालंधर में किया जाएगा।

पंजाब सरकार ने छुट्टी का किया ऐलान

उनके निधन के बाद पंजाब सरकार ने आधे दिन की छुट्टी की घोषणा की है। चुन्नी लाल ने 2012 में शिरोमणि अकाली दल (SAD)-भारतीय जनता पार्टी (BJP) की तत्कालीन सरकार में कैबिनेट मंत्री के तौर पर काम किया था।

तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व वाली सरकार में उनके पास स्थानीय निकाय और चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग थे। चुन्नी लाल का जन्म 1 दिसंबर 1932 को सियालकोट (अब पाकिस्तान में) में हुआ था। बंटवारे के बाद उनका परिवार जालंधर में बस गया।

जालंधर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से लड़ा था चुनाव

उन्होंने 1985 में जालंधर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर अपना पहला चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद, 1997 में उन्होंने उसी सीट से BJP के टिकट पर चुनाव जीता। वे 2007 और 2012 में भी विधायक चुने गए।

2023 में आम आदमी पार्टी का थामा हाथ

2012 में परिसीमन प्रक्रिया के बाद, उन्होंने जालंधर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा। चुन्नी लाल ने 2011 में पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर के तौर पर भी काम किया। उनके बेटे मोहिंदर भगत ने अप्रैल 2023 में BJP छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थामा था।

former cabinet minister bhagat chunni lal death
अशोक सिद्धार्थ ने मानी मायावती की शर्त, दामाद का करियर बचाने के लिए छोड़ी राजनीति, कहा- आप त्याग-दया की मूर्ति

सुखबीर सिंह बादल ने जताया दुख

पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "पंजाब के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता चुन्नी लाल भगत के निधन से गहरा दुख हुआ है। पंजाब के लिए उनकी लंबी जनसेवा और योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके बेटे मोहिंदर भगत और शोक-संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। गुरु साहिब दिवंगत आत्मा को अनंत शांति प्रदान करें।"

मनीष सिसोदिया ने जताया शोक

आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "आम आदमी पार्टी के साथी एवं पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के पिता चुन्नी लाल भगत के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और मोहिंदर भगत सहित पूरे परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।"

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com