बीना जंक्शन पर मां के पास सो रही मासूम को उठा ले गई महिला, पुलिस ने 75 CCTV कैमरों के फुटेज खंगालकर बचाया

Itarsi Railway Station : सागर के बीना जंक्शन से मां के पास सो रही 8 महीने की बच्ची को महिला उठाकर ले गई। जीआरपी-आरपीएफ ने 75 CCTV कैमरे खंगालकर इटारसी स्टेशन से मासूम को सकुशल बरामद किया।
Bina Railway Station Baby Kidnapping
मां को सौंपी गई बच्ची (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Bina Railway Station Baby Kidnapping: सागर जिले के बीना जंक्शन रेलवे स्टेशन से अपनी मां के पास सो रही आठ महीने की मासूम बच्ची को उठाकर ले जाने वाली महिला को जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया। करीब 75 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने संदिग्ध महिला को इटारसी रेलवे स्टेशन से बच्ची के साथ हिरासत में लिया और मासूम को सकुशल बरामद कर लिया।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता सखीना नाथ मूल रूप से जबलपुर के गोसलपुर क्षेत्र की रहने वाली हैं और वर्तमान में भोपाल के सूखी सेवनिया में रहती है। वह 19 जुलाई को अपनी आठ महीने की बेटी के साथ इंटरसिटी ट्रेन से भोपाल से जबलपुर स्थित मायके जा रही थी। बीना स्टेशन पहुंचने के बाद वह खाना खाने के लिए छोटी बजरिया गई और लौटकर प्लेटफॉर्म नंबर-3 स्थित लॉबी के पास बच्ची के साथ रात करीब 9 बजे बैठ गई। देर रात मोबाइल देखने के बाद वह बच्ची को अपने पास सुलाकर सो गई।

सुबह गायब थी बच्ची

20 जुलाई की सुबह करीब 7 बजे जब उनकी नींद खुली तो बच्ची गायब थी। आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि एक अज्ञात महिला काफी देर तक बच्ची को खिलाती रही और बाद में उसे अपने साथ लेकर चली गई। इसके बाद सखीना ने तत्काल जीआरपी थाना बीना में शिकायत दर्ज कराई।

5 विशेष टीमें गठित कर शुरू हुई तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी ने अपहरण का मामला दर्ज कर पांच विशेष टीमों का गठन किया। जांच के दौरान बीना, रानी कमलापति, नर्मदापुरम और इटारसी रेलवे स्टेशनों पर लगे करीब 75 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान कर उसे इटारसी रेलवे स्टेशन के फुटओवर ब्रिज से बच्ची के साथ पकड़ लिया गया।

मां को सौंपी गई बच्ची

पुलिस ने मासूम बच्ची को सुरक्षित उसकी मां को सौंप दिया है। वहीं आरोपी महिला से पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद घटना के पीछे की वजह और अन्य संभावित जानकारियां सामने आ सकती हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com