Morena 41 Lakh Robbery Case : मुरैना में नेशनल हाईवे-44 पर एक तेज रफ्तार कार डंपर में पीछे से जा घुसी। हादसा बैरियर चौराहा स्थित ओवरब्रिज के पास हुआ। कार में सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों को कार से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया।
घायलों की हालत गंभीर होने के कारण वे पुलिस को घटना के बारे में जानकारी देने की स्थिति में नहीं थे। ऐसे में पुलिस ने उनकी पहचान के लिए कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान सीटों के नीचे दो पिस्टल, धारदार हथियार और रुपयों से भरा बैग मिला। बैग में करीब 41 लाख रुपये रखे हुए थे। इसके बाद पुलिस को पूरे मामले पर संदेह हुआ और फिरोजाबाद पुलिस से संपर्क किया गया।
मुरैना पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि कार में सवार चारों युवक उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में हुई 41 लाख रुपये की लूट के मामले में संदिग्ध हैं। पुलिस के अनुसार, लूट के बाद चारों कार से भाग रहे थे और इसी दौरान उनकी कार मुरैना में हादसे का शिकार हो गई। मुरैना पुलिस ने बरामद नकदी और हथियारों की जानकारी फिरोजाबाद पुलिस को दे दी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान भोपाल के ऐशबाग स्टेडियम के पास रहने वाले आबिद, आसिफ खान, रेहान खान और साहिद खान के रूप में हुई है। हादसे के बाद चारों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया। फिलहाल चारों का ग्वालियर में उपचार चल रहा है।
रेहान के बड़े भाई फैजान खान ने बताया कि रेहान स्विगी में काम करता रहा है। वह मंगलवार सुबह घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं आया। बुधवार सुबह मुरैना पुलिस से हादसे की सूचना मिलने के बाद फैजान ग्वालियर अस्पताल पहुंचा। उसके मुताबिक रेहान अभी बोलने की स्थिति में नहीं है और उसका इलाज चल रहा है।
मुरैना एएसपी सुरेन्द्र पाल सिंह डाबर ने बताया कि हाईवे पर कार डंपर में पीछे से टकराई थी। कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें मुरैना जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर किया गया। कार की तलाशी में नकदी के साथ हथियार भी मिले हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, जबकि लूट से जुड़े मामले में आगे की कार्रवाई फिरोजाबाद पुलिस द्वारा की जा रही है।