मुरैना जिला अस्पताल में RTO की अचानक चेकिंग: 3 एंबुलेंस जब्त, 2 पर चालानी कार्रवाई, संचालकों में मचा हड़कंप

Morena RTO Action : मुरैना जिला अस्पताल में RTO की अचानक चेकिंग में 3 एंबुलेंस जब्त और 2 पर चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई में 4 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
RTO Officials Inspect Ambulances at Morena
RTO की चेकिंगफोटो सोर्स- नवभारत
Published on
Updated on

Morena RTO Ambulance Checking : मुरैना जिला अस्पताल परिसर में शनिवार को परिवहन विभाग ने अचानक एंबुलेंसों की चेकिंग की। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी पीएस भिलाला के नेतृत्व में पहुंची टीम ने अस्पताल परिसर में संचालित प्राइवेट एंबुलेंसों की जांच की। कार्रवाई की भनक लगते ही कई एंबुलेंस चालक अपने वाहन लेकर अस्पताल परिसर से बाहर निकल गए, जिससे निजी एंबुलेंस संचालकों में हड़कंप मच गया।

परिवहन विभाग की टीम ने अस्पताल परिसर में मौजूद एंबुलेंसों की बारीकी से जांच की। इस दौरान वाहनों में प्राथमिक चिकित्सा पेटी, अग्निशमन यंत्र, वाहन का अनुबंध और अन्य जरूरी दस्तावेज देखे गए। टीम को जिला अस्पताल परिसर में कुल 9 एंबुलेंस मिलीं, जिनकी एक-एक कर जांच की गई।

नियमों का पालन नहीं करने पर 3 एंबुलेंस जब्त

जांच के दौरान 3 एंबुलेंस मोटरयान नियमों के अनुरूप नहीं पाई गईं। इसके बाद परिवहन विभाग की टीम ने तीनों वाहनों को जब्त कर लिया। जब्त की गई एंबुलेंस को यातायात थाने में खड़ा कराया गया है। विभाग की कार्रवाई के बाद अन्य एंबुलेंस संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।

2 एंबुलेंस पर चालानी कार्रवाई, 4 हजार वसूले

जांच के दौरान दो अन्य एंबुलेंस के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग ने इन वाहनों से कुल 4 हजार रुपये का राजस्व वसूल किया। वहीं, जब्त की गई तीन एंबुलेंस से करीब 25 हजार रुपये का राजस्व वसूल होना संभावित बताया गया है।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

परिवहन विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिला अस्पताल परिसर में संचालित प्राइवेट एंबुलेंसों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग का फोकस एंबुलेंसों के जरूरी दस्तावेज और सुरक्षा मानकों की जांच पर रहेगा।

RTO Officials Inspect Ambulances at Morena
अजनार नदी की सफाई पर मिली तारीफ, बिट्टू तबाही के अकेले सफाई के दावे पर विवाद, समिति ने कहा- सबने मिलकर की सफाई

कार्रवाई के दौरान ये अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद

कार्रवाई के दौरान परिवहन विभाग के प्रधान आरक्षक जितेन्द्र तोमर, सुजीत भदौरिया, संतोष गुप्ता, शिवेन्द्र यादव, कोमल सिंह और अजय बाल्के सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। परिवहन विभाग की टीम ने अस्पताल परिसर में वाहनों की जांच पूरी करने के बाद जब्त एंबुलेंसों को यातायात थाने भिजवाया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com