पीड़ित परिजनों से बात करता पुलिसकर्मी (फोटो सोर्स- नवभारत) 
जबलपुर

जबलपुर में सनसनीखेज वारदात: बिजनेस पार्टनर महिला की गोली मारकर हत्या, आरोपी ने खुदकुशी की

Jabalpur Crime News : जबलपुर के गोरखपुर इलाके में बिजनेस पार्टनर ने महिला की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

प्रीतेश जैन

Jabalpur Murder Suicide Case: संस्कारधानी जबलपुर के गोरखपुर थाना अंतर्गत राजुल कॉम्प्लेक्स में सोमवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सनकी युवक ने अपनी कथित प्रेमिका और बिजनेस पार्टनर महिला की गोली मारकर हत्या कर दी।

वारदात को अंजाम देने के चंद पलों बाद ही युवक ने खुद को भी गोली से उड़ा लिया। इस दोहरे हत्याकांड और आत्महत्या की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे एसपी संपत उपाध्याय को परिजनों के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा।

पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद

मृतकों की पहचान दीपेश राठौर और शक्ति कोहली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों ने मिलकर राजुल कॉम्प्लेक्स में एक फ्लैट किराए पर लिया था और पार्टनरशिप में ब्यूटी पार्लर चला रहे थे। सोमवार दोपहर करीब 4 बजे दीपेश पार्लर पहुंचा। उस वक्त शक्ति के साथ उसकी एक सहयोगी कर्मचारी भी वहां मौजूद थी।

गोली लगने से महिला की मौके पर मौत

दीपेश और शक्ति के बीच पार्टनरशिप और पैसों के लेनदेन को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दीपेश ने पिस्तौल निकाल ली। यह देख शक्ति की सहयोगी कर्मचारी जान बचाकर वहां से बाहर भागी और उसने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसी बीच दीपेश ने शक्ति पर फायर कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद दीपेश ने खुद को भी गोली मारकर खुदकुशी कर ली।

पति से अलग रह रही थी शक्ति, दीपेश से हुई थी दोस्ती

बताया जा रहा है कि शक्ति कोहली शादीशुदा थी, लेकिन वह अपने पति से अलग होकर बेटे के साथ रह रही थी। इसी दौरान उसका परिचय राजनीतिक पार्टी से जुड़े दीपेश राठौर से हुआ। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से ब्यूटी पार्लर के कामकाज और पैसों को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था, जिसके चलते उनके रिश्तों में भी दरार आ गई थी।

पुलिस-प्रशासन पर गंभीर आरोप

घटना के बाद मौके पर पहुंचे शक्ति की बहन और बहनोई ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि महज दो दिन पहले भी दीपेश ने शक्ति के साथ जमकर विवाद और मारपीट की थी। इस पर शक्ति अपनी बहन और बहनोई के साथ गोरखपुर थाने पहुंची थी। परिजनों का आरोप है कि वहां तैनात 'नेतराम' नामक पुलिसकर्मी ने दीपेश के खिलाफ शिकायत दर्ज करने से साफ इनकार कर दिया था। परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस दो दिन पहले ही मुस्तैदी दिखाती और शिकायत दर्ज कर कार्रवाई करती, तो शक्ति की जान बच सकती थी।

परिजनों ने रोकी SP की गाड़ी, राजनेता पर संरक्षण देने का आरोप

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय खुद दलबल के साथ राजुल कॉम्प्लेक्स पहुंचे। जब एसपी घटनास्थल का निरीक्षण कर वापस लौट रहे थे, तब पुलिस की अनदेखी से नाराज परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतका की बहन और बहनोई ने एसपी की गाड़ी के आगे आकर उसे रोक लिया। परिजनों ने शहर के एक रसूखदार राजनेता पर दीपेश राठौर को संरक्षण देने का आरोप लगाया है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

गोरखपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। परिजनों द्वारा पुलिसकर्मी नेतराम पर लगाए गए आरोपों और शहर के राजनेता के संरक्षण वाले एंगल सहित मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।

DUSU Election 2026 LIVE: दिल्ली यूनिवर्सिटी में वोटिंग शुरू, 2.75 लाख छात्र चुन रहे नया छात्र संघ

रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर अंडे-टमाटर से हमला, BJP यात्रा में हो रहे थे शामिल, AAP से जुड़े 3 लोग पकड़े

Passport Rules Changed: 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए पासपोर्ट वैधता और फीस दोनों बदले, जाने नया नियम

खत्म हो रहा है PM मोदी का राजयोग? संजय राउत ने दिया ज्योतिष शास्त्र का हवाला, बोले- ग्रह छुट्टी पर नहीं जाते

IndiGo से सफर हुआ महंगा: गोद में बच्चे को बैठाने से ज्यादा सामान ले जाने तक, एयरलाइन ने बढ़ा दिए ये चार्जेस