सागर में ऑपरेशन थिएटर में निकला 5 फीट लंबा सांप, अस्पताल में मची अफरा-तफरी; काफी मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू

Sanke Found In Sagar Hospital OT: सागर जिला अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में 5 फीट लंबा घोड़ा पछाड़ सांप निकलने से हड़कंप, स्नेक कैचर अकील बाबा ने किया सुरक्षित रेस्क्यू, सुरक्षा पर सवाल।
A 5-foot-long snake was found in the operation theatre in Sagar, causing panic in the hospital; it was rescued after a strenuous effort
सागर में अस्पताल में मिला सांप (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Sagar District Hospital Snake Rescue: मध्य प्रदेश के सागर जिला अस्पताल में एक बार फिर सुरक्षा और साफ-सफाई व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। सोमवार को अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में पांच फीट से अधिक लंबा सांप निकलने से मरीजों और उनके परिजनों में हड़कंप मच गया।

ऑपरेशन के लिए पहुंचे मरीजों ने जैसे ही कमरे के अंदर सांप को देखा, वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक सोमवार दोपहर जिला अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में मरीजों और अस्पताल स्टाफ की नजर एक बड़े सांप पर पड़ी। देखते ही देखते खबर पूरे अस्पताल में फैल गई और लोग दहशत में आ गए।

काफी मशक्कत के बाद किया गया सांप को रेस्कयू

तत्काल सर्प विशेषज्ञ और स्नेक कैचर अकील बाबा को सूचना दी गई। दोपहर करीब 12 बजे मौके पर पहुंचे अकील बाबा ने ऑपरेशन थिएटर के अंदर काफी मशक्कत के बाद सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया। अकील बाबा ने बताया कि यह करीब पांच फीट लंबा घोड़ा पछाड़ प्रजाति का सांप है। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी के कारण सांप और अन्य जीव-जंतु ठंडी जगहों की तलाश में रिहायशी और सार्वजनिक भवनों में पहुंच रहे हैं। सांप के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद उसे प्राकृतिक वातावरण में छोड़ने के लिए जंगल ले जाया जाएगा।

इससे पहले खिड़की पर दिखाई दिया था सांप

गौरतलब है कि जिला अस्पताल में सांप निकलने का यह पहला मामला नहीं है। कुछ दिन पहले भी आईसीयू वार्ड की खिड़की पर सांप दिखाई दिया था। उस समय अस्पताल प्रबंधन ने सुरक्षा और साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने का दावा किया था। लेकिन लगातार सामने आ रही घटनाओं ने अस्पताल प्रशासन के दावों की पोल खोल दी है।

अस्पताल की व्यवस्था पर उठ रहे गंभीर सवाल

मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि यदि ऑपरेशन थिएटर जैसे संवेदनशील स्थान पर सांप निकल सकता है, तो यह अस्पताल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। जिला अस्पताल में बार-बार सांप निकलने की घटनाओं ने मरीजों की चिंता बढ़ा दी है। अब जरूरत है कि अस्पताल प्रबंधन सुरक्षा और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर कदम उठाए, ताकि मरीजों की जान किसी नए खतरे में न पड़े।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com