3 नाबालिग 48 घंटों से लापता, जबलपुर-उज्जैन पुलिस और GRP तलाश में जुटी, खंगाले जा रहे CCTV फुटेज

3 Minors Missing in Jabalpur: जबलपुर के सूखा गांव से 48 घंटों से 3 नाबालिग लापता हैं। जबलपुर, उज्जैन पुलिस और GRP तीनों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने अपहरण समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया है।
Jabalpur Three Minors Missing News
बच्चों के परिजन (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Jabalpur Crime News: जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र के सूखा गांव से तीन नाबालिग पिछले 48 घंटों से लापता हैं। मामले के सामने आने के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। गायब हुए तीनों बच्चे बुधवार को घर से घूमने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परेशान परिजन माढ़ोताल थाने पहुंचे और बच्चों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई।

जानकारी के मुताबिक गायब हुए बच्चों में 12 वर्षीय भारत सिंह ठाकुर, 16 वर्षीय राज अहिरवार और 14 वर्षीय नितिन अहिरवार शामिल हैं। तीनों एक ही गांव के रहने वाले हैं और आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं। परिजनों ने बताया कि बच्चों ने पहले भी कई बार बाहर घूमने जाने की बात कही थी, लेकिन इस बार उनके अचानक गायब होने से परिवार चिंतित है।

अपहरण समेत कई धाराओं में मामला दर्ज

बच्चे नाबालिग होने के कारण पुलिस ने अपहरण सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही पुलिस ने बच्चों की तलाश के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि बच्चों की लोकेशन का पता लगाया जा सके।

रेलवे स्टेशन के CCTV फुटेज में दिखे बच्चे

जानकारी के अनुसार तीनों बच्चे पिछले कई दिनों से उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन करने की योजना बना रहे थे। उन्होंने गांव के कुछ अन्य बच्चों से भी अपने साथ उज्जैन चलने के लिए कहा था, लेकिन कोई तैयार नहीं हुआ। ऐसे में परिजन और पुलिस शुरुआती तौर पर यही मानकर चल रहे हैं कि तीनों बच्चे उज्जैन के लिए निकले हैं। पुलिस ने जबलपुर रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो उसमें तीनों बच्चे प्लेटफॉर्म पर घूमते हुए दिखाई दिए। हालांकि वे किस ट्रेन में सवार हुए और स्टेशन से आगे कहां गए, इसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

उज्जैन पुलिस और GRP भी तलाश में जुटी

सूत्रों के मुताबिक बच्चों की तलाश में उज्जैन पुलिस और जीआरपी भी जुट गई है। जबलपुर से लेकर उज्जैन तक के रेलवे स्टेशन, जीआरपी, आरपीएफ और विभिन्न पुलिस थानों में बच्चों की तस्वीरें भेजी गई हैं। पुलिस का कहना है कि बच्चों की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उन्हें सुरक्षित तलाशने की कोशिश की जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com