Wife Leave Labourer Husband Sagar: सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने एक परिवार को बिखेर कर रख दिया। इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने के दौरान हुई दोस्ती कथित तौर पर प्रेम संबंध में बदल गई और एक महिला अपने पति तथा दो बच्चों को छोड़कर दूसरे युवक के साथ चली गई।
अब परेशान मजदूर पति न्याय और मदद की उम्मीद लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा है। मध्यप्रदेश के सागर संभाग के छतरपुर जिले के रहने वाले मुकुंदी का कहना है कि वह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। उसकी पत्नी को इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने का शौक था। इसी दौरान उसकी पहचान एक युवक से हुई और दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई।
मुकुंदी के अनुसार, धीरे-धीरे यह दोस्ती गहरी होती गई और दोनों लगातार मैसेज तथा वीडियो कॉल पर बात करने लगे। पति का आरोप है कि जब वह मजदूरी के लिए घर से बाहर रहता था, तब उसकी पत्नी घंटों उस युवक से बातचीत करती थी। पति ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी पत्नी ने अपनी बेटी को इस संबंध की जानकारी किसी को न देने की हिदायत दी थी।
महिला ने अपनी बेटी को डराया था कि अगर उसने पिता को कुछ बताया तो उसे डांट या मार पड़ सकती है। मुकुंदी के मुताबिक, 16 अक्टूबर को उसकी पत्नी अचानक घर से लापता हो गई। काफी तलाश के बाद उसने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। बाद में महिला का पता चल गया, लेकिन जब पति उसे वापस घर लाने पहुंचा तो उसने लौटने से इनकार कर दिया।
पीड़ित पति का कहना है कि उसने पुलिस से मदद मांगी लेकिन उसे कोर्ट जाने की सलाह दी गई। मुकुंदी का कहना है कि वह एक गरीब मजदूर है और उसके लिए कानूनी प्रक्रिया तथा कोर्ट के चक्कर लगाना आसान नहीं है। वहीं इस पूरे मामले ने एक बार फिर सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और उसके पारिवारिक जीवन पर पड़ने वाले असर को चर्चा का विषय बना दिया है।
यह भी पढ़ें: मुरैना के राबिया किन्नर डकैती कांड में छठवां बदमाश गिरफ्तार; 5 महीने बाद भी सिर्फ आधा तोला बरामद
फिलहाल पति ने एसपी कार्यालय में आवेदन देकर अपनी बात रखी है और प्रशासन से मदद की मांग की है। यह मामला केवल एक परिवार की कहानी नहीं, बल्कि सोशल मीडिया के दौर में बदलते रिश्तों और बढ़ती चुनौतियों की भी तस्वीर पेश करता है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।