

Accused Arrested In Morena Robbery Case: मुरैना जिले के अंबाह कस्बे में हुए चर्चित राबिया किन्नर डकैती कांड में पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। करीब पांच महीने से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी बाबी निषाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चांदी के जेवर, एक देशी कट्टा और अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी लगातार जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बाबी निषाद पुत्र बनारसी दास निषाद, उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के बरकतपुर गांव का निवासी है। वह पिछले पांच महीनों से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अपने फरार साथी सुरेश निषाद से मिलने अंबाह क्षेत्र के सामलदास का पुरा गांव आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 400 ग्राम चांदी के जेवर, 315 बोर का एक देशी कट्टा और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामान डकैती कांड से जुड़ा हुआ है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर फरार बदमाशों और लूटे गए सामान के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
गौरतलब है कि 17 और 18 जनवरी की दरम्यानी रात अंबाह कस्बे में राबिया किन्नर के घर 12 हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया था। बदमाश घर से 18 तोला सोना, करीब चार किलो चांदी और साढ़े तीन लाख रुपए नकद लूटकर फरार हो गए थे। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। इससे पहले 12 फरवरी को पुलिस पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
एसडीओपी अंबाह रवि भदौरिया ने बताया कि अब तक इस मामले में छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन पांच आरोपी अभी भी फरार हैं। हैरानी की बात यह है कि करोड़ों रुपए मूल्य के लूटे गए जेवरात और नकदी में से अब तक केवल आधा तोला सोना और कुछ चांदी ही बरामद हो सकी है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।