Chhatarpur Love Marriage Couple Security: छतरपुर जिले में प्रेम विवाह करने वाले एक युवक-युवती ने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस से मदद मांगी है। दोनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित आवेदन सौंपा और आरोप लगाया कि परिवार तथा समाज के कुछ लोगों से उन्हें जान का खतरा है। ऐसे में उन्होंने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, सागर संभाग के छतरपुर जिले के सादनी गांव निवासी युवक और युवती एक-दूसरे से प्रेम करते थे। दोनों ने अपनी मर्जी से साथ रहने और शादी करने का फैसला किया। प्रेमी जोड़े का कहना है कि वे दोनों बालिग हैं और कानून के तहत अपने जीवन से जुड़े फैसले लेने का पूरा अधिकार रखते हैं। इसके बावजूद उनके रिश्ते का विरोध किया जा रहा है।
शादी का विरोध किए जाने के बाद दोनों सीधे एसपी ऑफिस पहुंचे और अधिकारियों को अपनी परेशानी बताई। आवेदन में उन्होंने बताया किया कि परिवार के कुछ सदस्य और अन्य लोग उनके विवाह से नाराज हैं तथा लगातार दबाव और धमकियां दे रहे हैं।
नवदंपति का कहना है कि किसी भी समय उनके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। प्रेमी जोड़े ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। दोनों का कहना है कि वे अपनी इच्छा से साथ रह रहे हैं और किसी के दबाव में अलग नहीं होना चाहते।
ये भी पढ़ें : महिदपुर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का महा-ऐलान; 188 करोड़ के सामाकोटा बैराज से बदलेगी 18 गांवों की किस्मत
युवक और युवती ने मीडिया से बातचीत में कहा, "हम दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते हैं। हमें अपनी जान का खतरा है, इसलिए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।" मामले में छतरपुर पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आवेदन में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।