राजधानी भोपाल में रैपिडो राइडर्स का प्रदर्शन।
टारगेट पूरा करने के बावजूद भी कंपनी ने नहीं दिया बोनस।
रैपिडो ने लगाया फर्जी राइड करने का आरोप, कंपनी के भोपाल कार्यालय में लटका मिला ताला।
Rapido Riders Protest Bhopal MP: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रैपिडो राइडर्स (कैप्टनों) ने कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दरअसल, दिवाली के त्योहार से पहले सभी राइटर्स को टारगेट पूरा करने पर बोनस की बात कही गई थी लेकिन टारगेट को पूरा करने के बावजूद किसी को भी बोनस नहीं मिला।
इस वजह से नाराज राइडर्स ने भोपाल के एमपी नगर चौराहे पर इकट्ठा होकर जमकर प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी राइडर्स थाने पहुंचे और थाने का घेराव कर कंपनी के खिलाफ शिकायत आवेदन सौंपा। राइडर्स का आरोप है कि कंपनी ने उनसे निर्धारित संख्या में राइड पूरी कराई लेकिन अब बोनस देने से इनकार कर रही है। इतना ही नहीं, बोनस की मांग करने वाले एक राइडर की आईडी तो 99 साल के लिए सस्पेंड कर दी गई।
जब नवभारत लाइव की टीम ने रैपिडो राइडर्स से बात की तब उन्होंने बताया कि कंपनी की ओर से दीपावली से पहले 1 नवंबर से 7 नवंबर तक विशेष टारगेट दिया गया था। जिसके तहत राइडर्स को सात दिनों में 210 राइड पूरी करनी थीं। इस टारगेट को पूरा करने वाले राइडर्स को कंपनी की ओर से 11 हजार रुपये का अतिरिक्त बोनस देने का वादा किया गया था।
राजधानी भोपाल में प्रदर्शन कर रहे राइडर्स ने साफ बताया कि उन्होंने कंपनी की शर्तें मानते हुए जी-जान लगाकर अपनी राईडों का टारगेट पूरा किया। साथ ही कई प्रदर्शनकारियों ने तो त्योहार के वक्त घर जाने की बजाय ज्यादा काम किया और निर्धारित टारगेट को पूरा किया लेकिन इसके बावजूद उन्हें बोनस की राशि नहीं दी गई।
विरोध प्रदर्शन कर रहे राइडर्स ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब उन्होंने बोनस की राशि के लिए कंपनी के कस्टमर केयर से कॉन्टेक्ट किया। तब उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। कंपनी की ओर से कहा गया कि उन्होंने फर्जी राइड की हैं और बोनस की शर्तों का उल्लंघन किया है।
इस संबंध में जब राजधानी भोपाल स्थित रैपीडो ऑफिस में पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला और दिल्ली में रैपीडो प्रो से फोन पर संपर्क भी किया गया तब उन्होंने हमारे किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया।