क्या है 'बारोंग तागालोग', जिसे पहनकर राष्ट्रपति मार्कोस के रात्रिभोज में पहुंचे पीएम मोदी?

Barong Tagalog Dress: फिलीपींस दौरे पर पीएम मोदी बारोंग तागालोग पहनकर राष्ट्रपति मार्कोस के रात्रिभोज में पहुंचे। उन्होंने खास बैटरी से चलने वाले ऑटो रिक्शा की सवारी भी की।
PM Modi Philippines Visit
राष्ट्रपति मार्कोस के रात्रिभोज में पहुंचे पीएम मोदीSource- IANS
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के रात्रिभोज में फिलीपींस की पारंपरिक पोशाक पहनकर पहुंचे पीएम मोदी।

  • रात्रिभोज स्थल तक पहुंचने के लिए खास बैटरी चालित ऑटो रिक्शा की सवारी की।

  • मनीला में 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे प्रधानमंत्री।

PM Modi Philippines Visit: फिलीपींस दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सोमवार को खास अंदाज देखने को मिला। राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुआल्डेज मार्कोस जूनियर ने उनके सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी फिलीपींस की पारंपरिक पुरुषों की औपचारिक पोशाक 'बारोंग तागालोग' पहनकर पहुंचे। खास बात यह रही कि उन्होंने रात्रिभोज स्थल तक पहुंचने के लिए विशेष रूप से तैयार बैटरी से चलने वाले ऑटो रिक्शा की सवारी भी की।

राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर और फर्स्ट लेडी लुईस अरनेटा-मार्कोस ने कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। यह विशेष ऑटो रिक्शा विदेशी मेहमानों और खास अतिथियों के स्वागत के लिए तैयार किया गया था।

दो दिवसीय दौरे पर फिलीपींस पहुंचे हैं पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर फिलीपींस पहुंचे हैं। यहां वह 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। फिलीपींस वर्ष 2026 के लिए आसियान का अध्यक्ष है और इन सम्मेलनों की मेजबानी कर रहा है।

क्या है 'बारोंग तागालोग'?

'बारोंग तागालोग' (Barong Tagalog) फिलीपींस की पारंपरिक और राष्ट्रीय औपचारिक पोशाक है, जिसे मुख्य रूप से पुरुषों द्वारा खास अवसरों, उत्सवों और आधिकारिक कार्यक्रमों में पहना जाता है। यह एक हल्की, लंबी आस्तीन वाली और बेहद महीन कढ़ाईदार शर्ट होती है, जिसे आमतौर पर अनानास के रेशों (Piña), केले के रेशों (Jusi) या रेशम जैसे प्राकृतिक कपड़ों से तैयार किया जाता है।

PM Modi Philippines Visit
Asean Summit: फिलीपींस में होने वाला आसियान समिट क्या है? यह भारत के लिए क्यों खास है

इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे पैंट के अंदर दबाकर (Tuck-in) नहीं पहना जाता, बल्कि ऊपर से खुला छोड़कर पहना जाता है और इसके नीचे एक सफेद टी-शर्ट या बनियान पहनी जाती है। अपनी शालीनता, बारीक कारीगरी और सांस्कृतिक विरासत के कारण यह पोशाक फिलीपींस के गौरव और आतिथ्य सत्कार का प्रतीक मानी जाती है।

आसियान के साथ भारत की साझेदारी होगी मजबूत

प्रधानमंत्री के मनीला पहुंचने की जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय (MEA) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा कि यह दौरा भारत की 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' और 'इंडो-पैसिफिक विजन' के तहत आसियान के साथ साझेदारी को और मजबूत करेगा।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में दोनों पक्षों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को लागू करने की दिशा में हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसमें 'आसियान-भारत कार्य योजना 2026-2030' भी शामिल है। इसके साथ ही भविष्य में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा होगी।

PM Modi Philippines Visit
फिलीपींस में PM मोदी का भव्य स्वागत, बच्चों ने पढ़े संस्कृत श्लोक; आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा

2026 को समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मना रहे भारत और आसियान

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत-आसियान संबंध देश की 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' और हिंद-प्रशांत क्षेत्र को लेकर भारत के विजन का अहम आधार हैं। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब भारत और आसियान वर्ष 2026 को 'आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष' के रूप में मना रहे हैं।

इसके अलावा, वर्ष 2027 में भारत और आसियान के बीच संवाद संबंधों के 35 साल पूरे होंगे। इसी साल व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष भी पूरे होंगे। वहीं, पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में आसियान और अन्य भागीदार देशों के साथ क्षेत्रीय तथा वैश्विक महत्व के मुद्दों पर चर्चा होगी।- एजेंसी इनपुट के साथ