

राहुल गांधी ने सोनिया गांधी की किताब के विमोचन समारोह में अपनी गर्लफ्रेंड से जुड़ा किस्सा साझा किया।
कैंब्रिज में पढ़ाई के दौरान वे अपनी गर्लफ्रेंड को उसी रेस्टोरेंट में ले गए थे, जहां राजीव और सोनिया गांधी पहली बार मिले थे।
राहुल ने माता-पिता की प्रेम कहानी और उनके आपसी रिश्ते से जुड़ी बचपन की यादें भी सुनाईं।
Rahul Gandhi Girlfriend Story: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को अपनी मां सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' के विमोचन समारोह में अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। इस दौरान उन्होंने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी गर्लफ्रेंड का जिक्र करते हुए कैंब्रिज के दिनों की एक याद सुनाई।
माता-पिता की पहली मुलाकात वाली जगह पर गए थे राहुल
राहुल गांधी ने बताया कि उन्होंने बचपन से अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी की पहली मुलाकात की कहानी कई बार सुनी थी। कई साल बाद जब वे खुद पढ़ाई के लिए कैंब्रिज गए, तो उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड से उस ऐतिहासिक रेस्टोरेंट में चलने के लिए कहा, जहां उनके माता-पिता पहली बार मिले थे।
किस्से को याद करते हुए राहुल ने कहा कि उस रेस्टोरेंट के दरवाजे का रंग पीला था। जब वे वहां पहुंचे और स्टाफ ने पूछा कि कितने लोग हैं, तो उन्होंने जवाब दिया 'दो'। अंदर जाकर दोनों ने मेन्यू देखा और खाना ऑर्डर किया। राहुल के मुताबिक, रेस्टोरेंट के वेटर ने उन्हें राजीव और सोनिया गांधी की पुरानी मुलाकातों से जुड़ी यादें भी बताईं। राहुल ने वहां वही चिकन डिश ऑर्डर की, जो उनके माता-पिता अक्सर खाया करते थे।
बचपन की यादों को किया साझा
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के आपसी रिश्ते को भी याद किया। उन्होंने कहा कि घर में उन्होंने हमेशा राजीव और सोनिया गांधी को एक-दूसरे के बेहद करीब देखा। उनके मुताबिक, घर में पापा होते थे और उनकी गोद में मम्मा बैठती थीं, उनके लिए माता-पिता के प्यार की यही परिभाषा थी। राहुल ने बताया कि बचपन में जब वे अपने दोस्तों के घर जाते थे और वहां माता-पिता को इस तरह साथ नहीं देखते थे, तो वे हैरानी से अपने दोस्तों से पूछते थे कि उनके माता-पिता ऐसे क्यों नहीं रहते।
1965 में कैंब्रिज के रेस्टोरेंट में शुरू हुई थी प्रेम कहानी
सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब में भी राजीव गांधी से पहली मुलाकात का विस्तार से वर्णन किया है। किताब के अनुसार, साल 1965 में कैंब्रिज के एक छोटे ग्रीक रेस्टोरेंट 'वैरसिटी रेस्टोरेंट' (Varsity Restaurant) में दोनों की पहली मुलाकात हुई थी, जहां भारत और यूरोप के छात्र अक्सर खाना खाने आते थे।
सोनिया उन दिनों इंग्लैंड में अपने इतालवी स्वाद से मिलता-जुलता खाना तलाश रही थीं और इसी तलाश में वे इस रेस्टोरेंट पहुंची थीं। वहां एक कॉमन दोस्त ने उनका परिचय राजीव गांधी से कराया। सोनिया ने लिखा है कि पहली मुलाकात में ही उन्हें राजीव के शांत और सौम्य स्वभाव से गहरा जुड़ाव महसूस हुआ। इसके बाद दोनों की दोस्ती बढ़ी, वे साथ में घूमने-फिरने लगे और अंततः 25 फरवरी 1968 को दोनों विवाह बंधन में बंध गए।