

बागेश्वर धाम में 13 नवंबर को विरोध प्रदर्शन का ऐलान।
अखिल भारतीय यादव महासभा छतरपुर से धाम तक निकालेगी विशाल रैली।
कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयानों पर महासभा ने जताई आपत्ति।
महासभा का आरोप- कथित बयान से यादव समाज की भावनाएं आहत हुईं।
Yadav Mahasabha Protest Against Dheerendra Shastri: छतरपुर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बागेश्वर धाम में 13 नवंबर को विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया गया है। अखिल भारतीय यादव महासभा ने कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयानों पर आपत्ति जताते हुए बागेश्वर धाम तक विशाल रैली निकालने की घोषणा की है। महासभा के इस ऐलान के बाद जिले का पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।
सोशल मीडिया पर महासभा के पदाधिकारी पुष्पेंद्र यादव का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने कथित बयानों को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए विरोध प्रदर्शन की बात कही है।
दरअसल, बीते दिनों कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयान को लेकर यादव महासभा के कुछ पदाधिकारियों ने आपत्ति जताई है। महासभा का कहना है कि कथित बयान से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। इसी के विरोध में अखिल भारतीय यादव महासभा ने 13 नवंबर को छतरपुर से बागेश्वर धाम तक विशाल रैली निकालकर अपना विरोध दर्ज कराने का ऐलान किया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में महासभा के पदाधिकारी पुष्पेंद्र यादव लोगों से इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील करते नजर आ रहे हैं। इस ऐलान के बाद अब 13 नवंबर को बागेश्वर धाम में होने वाली गतिविधियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। एक तरफ धार्मिक स्थल पर श्रद्धालुओं की आवाजाही और नियमित धार्मिक गतिविधियां जारी रहने की संभावना है, तो दूसरी तरफ प्रस्तावित रैली को लेकर प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क हो गया है।
विरोध प्रदर्शन के ऐलान को देखते हुए छतरपुर पुलिस ने बागेश्वर धाम सहित छतरपुर जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने धाम क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए जोन स्तर से अतिरिक्त पुलिस बल भी मंगवाया गया है।
पुलिस प्रशासन की नजर सोशल मीडिया पर भी बनी हुई है, ताकि किसी तरह की भ्रामक जानकारी, विवादित पोस्ट या भड़काऊ संदेशों के जरिए माहौल खराब न हो। प्रशासन की प्राथमिकता है कि धार्मिक स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और शांति व्यवस्था बनी रहे।
इस पूरे मामले में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने स्पष्ट किया है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर व्यक्ति और संगठन को अपनी बात रखने तथा शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का अधिकार है, लेकिन किसी भी प्रदर्शन के लिए संवैधानिक और वैधानिक प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य है। बिना अनुमति के रैली या प्रदर्शन करने की इजाजत नहीं होगी। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।