

सागर में आबकारी विभाग ने जरूरत से ज्यादा शराब पीने के आदी लोगों की सूची तैयार कराना शुरू किया।
शराब ठेकेदारों को कमजोर, बीमार और आदतन अधिक शराब पीने वालों को शराब नहीं बेचने के मौखिक निर्देश।
विष्णु खटीक की मौत के बाद जिले की सभी 56 शराब दुकानों की कराई गई जांच।
Sagar Habitual Alcohol Drinkers List: सागर जिले में शराब पीने से मौत के कथित मामलों और अवैध शराब की बिक्री को लेकर उठ रहे सवालों के बीच आबकारी विभाग ने एक नई पहल शुरू की है। विभाग अब ऐसे लोगों की सूची तैयार करा रहा है, जो जरूरत से ज्यादा शराब पीने के आदी हैं। विभाग की ओर से लाइसेंसी शराब ठेकेदारों को निर्देश दिए जा रहे हैं कि कमजोर, बीमार और शराब के आदी लोगों को शराब नहीं बेची जाए।
हालांकि, इस संबंध में अभी कोई लिखित आदेश जारी होने की जानकारी नहीं है, लेकिन आबकारी विभाग की ओर से दुकानदारों को मौखिक निर्देश दिए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि तैयार की जा रही सूची दुकानदारों और विभागीय टीमों के पास रहेगी, ताकि ऐसे लोगों को शराब बिक्री से रोका जा सके।
हाल ही में सागर जिले के मछरयाई स्थित शराब दुकान से शराब खरीदकर पीने के बाद विष्णु खटीक की मौत का मामला सामने आया था। हालांकि, उन्हें पीलिया होने की जानकारी दी गई थी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया था। घटना के बाद प्रशासन और आबकारी विभाग अलर्ट हो गए। एहतियात के तौर पर जिले की सभी 56 शराब दुकानों की जांच कराई गई। विभागीय टीमों को दुकानों के आसपास की व्यवस्थाओं और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सहायक आबकारी अधिकारी पूजा वर्मा ने बताया कि जिले की सभी शराब दुकानों पर वृत्त प्रभारी जाकर निरीक्षण कर रहे हैं। दुकानों के आसपास शराब का सेवन नहीं किया जाएगा। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना होगा और आसपास खाने-पीने की दुकानें भी नहीं लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि शराब दुकानों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही आदतन अधिक शराब पीने वाले लोगों की सूची भी तैयार कराई जा रही है। ऐसे लोगों को शराब नहीं बेचने के निर्देश दुकानदारों को दिए जा रहे हैं।
आबकारी विभाग की इस पहल का उद्देश्य शराब के अत्यधिक सेवन से होने वाली समस्याओं को रोकना और दुकानों पर नियमों का पालन सुनिश्चित करना बताया जा रहा है। हालांकि, अभी यह देखना बाकी है कि बिना लिखित आदेश और स्पष्ट प्रक्रिया के तैयार की जा रही सूची कितनी प्रभावी साबित होती है और दुकानदार इसका पालन किस तरह करते हैं।