Simi Garewal Vinod Khanna Old Memory: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता विनोद खन्ना की 80वीं जयंती के मौके पर फैंस सोशल मीडिया पर उनकी पुरानी फिल्मों और यादगार पलों को शेयर कर उन्हें याद कर रहे हैं। इसी बीच अभिनेत्री और टीवी होस्ट सिमी गरेवाल ने भी विनोद खन्ना से जुड़ी एक खास याद साझा की। उन्होंने बताया कि विनोद सिर्फ उनके को-स्टार ही नहीं, बल्कि पड़ोसी और दोस्त भी थे।
दरअसल, एक्स पर एक यूजर ने विनोद खन्ना और सिमी गरेवाल की फिल्म ‘हाथ की सफाई’ के लोकप्रिय गाने ‘वादा कर ले सजना’ की एक क्लिप शेयर की। वीडियो में दोनों कलाकार साथ नजर आ रहे हैं। यूजर ने पोस्ट में सिमी गरेवाल को टैग करते हुए विनोद खन्ना को याद किया और लिखा कि अगर अभिनेता आज जिंदा होते तो 80 साल के होते। इस पोस्ट को सिमी गरेवाल ने रीशेयर किया। उन्होंने विनोद खन्ना को याद करते हुए लिखा कि धन्यवाद। मुझे उनकी याद आती है। विनोद मेरे को-स्टार, मेरे पड़ोसी और मेरे दोस्त थे।
विनोद खन्ना और सिमी गरेवाल ने साल 1974 में रिलीज हुई फिल्म ‘हाथ की सफाई’ में साथ काम किया था। फिल्म का निर्देशन प्रकाश मेहरा ने किया था और इसकी कहानी मशहूर लेखक जोड़ी सलीम-जावेद ने लिखी थी। फिल्म में हेमा मालिनी और रणधीर कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। रंजीत और सत्येन कप्पू भी फिल्म का हिस्सा थे।
हाथ की सफाई एक क्राइम-ड्रामा फिल्म थी, जिसमें बचपन में बिछड़ने वाले दो भाइयों की कहानी दिखाई गई थी। विनोद खन्ना ने शंकर का किरदार निभाया था, जो आगे चलकर कुमार साहब के नाम से अपराध की दुनिया में पहुंच जाता है। वहीं रणधीर कपूर ने राजू की भूमिका निभाई थी, जो बड़ा होकर जेबकतरे का काम करता है। कहानी आगे बढ़ने के साथ दोनों भाइयों की जिंदगी फिर एक-दूसरे से जुड़ती है।
फिल्म में सिमी गरेवाल ने रोमा का किरदार निभाया था, जो शंकर की पत्नी थीं, जबकि हेमा मालिनी कामिनी के रोल में नजर आई थीं। फिल्म में एक्शन, इमोशन और रोमांस का मेल देखने को मिला था। हाथ की सफाई का संगीत कल्याणजी-आनंदजी ने तैयार किया था और गानों को गुलशन बावरा ने लिखा था। फिल्म का लोकप्रिय गाना 'वादा कर ले सजना तेरे बिना' मोहम्मद रफी और लता मंगेशकर ने गाया था।