Highlights:
18 साल की उम्र में जीता था मिस यूनिवर्स क्राउन
मेक्सिको में 7 कोर्स के डिनर में फंस गई थीं एक्ट्रेस
चीफ गेस्ट होने के कारण सभी कर रहे थे उनके खाने का इंतजार
इस घटना के बाद सीखी थीं फाइन डाइनिंग और टेबल मैनर्स की बारीकियां
Sushmita Sen Career: साल 1994 भारतीय इतिहास के लिए बेहद खास रहा। इसी साल सुष्मिता सेन ने सिर्फ 18 साल की उम्र में मिस यूनिवर्स क्राउन जीतकर पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया था। वह यह ताज जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं। उनकी इस सक्सेस ने उन्हें रातोंरात अंतरराष्ट्रीय पहचान दिला दी। इसके बाद उनके पास कार्यक्रमों में शामिल होने, इंटरव्यू देने और अलग-अलग देशों की यात्रा करने के इंविटेशन आने लगे।
हालांकि, छोटी उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करने के बाद सुष्मिता सेन सिर्फ फेमस ही नहीं हुई, बल्कि उन्हें कई ऐसी परिस्थितियों का भी सामना करना पड़ा, जिनके लिए वह पहले से तैयार नहीं थीं। ऐसी ही एक घटना मेक्सिको की है, जहां एक आधिकारिक डिनर पार्टी में पहुंचकर वह बुरी तरह फंस गई थीं।
मिस यूनिवर्स बनने के बाद सुष्मिता सेन को मेक्सिको सिटी में एक डिनर पार्टी में शामिल होने के लिए भेजा गया था। इस पार्टी में उन्हें चीफ गेस्ट गया था। उस समय उनकी उम्र सिर्फ 18 साल थी और उन्हें इंग्लिश बोलने में भी काफी दिक्कत होती थी।
सुष्मिता ने एक इंटरव्यू में इस घटना को याद करते हुए बताया था कि उन्हें फाइन डाइनिंग और टेबल मैनर्स मालूम नहीं थे। वह डिनर टेबल पर सबसे खास जगह की सीट पर बैठी थीं। उनके आसपास कई लोग मौजूद थे और सामने सात कोर्स का खाना परोसा जाना था।
सुष्मिता को उस समय बहुत तेज भूख लगी थी। वह चाहती थीं कि कोई खाना शुरू करे, ताकि वह भी खाना शुरू कर सकें। लेकिन काफी देर तक किसी ने खाना नहीं छुआ। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि आखिर सभी लोग किसका इंतजार कर रहे हैं।
इस पूरी घटना में सबसे मजेदार क्षण तब आया, जब सुष्मिता सेन ने अपनी ट्रैवल मैनेजर बारबरा की तरफ देखकर इशारों में बताया कि उन्हें बहुत भूख लगी है। वह चाहती थीं कि बारबरा किसी तरह उन्हें डिनर शुरू करने का इशारा दे दें। लेकिन बारबरा ने उन्हें बताया कि वहां उपस्थित सभी लोग उनके खाने का इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि वह उस फंक्शन की चीफ गेस्ट थीं। ऐसे में डिनर की शुरुआत उन्हें ही करनी थी।
सुष्मिता सेन के लिए यह बात किसी हैरानी से कम नहीं थी। उन्हें बिल्कुल पता नहीं था कि चीफ गेस्ट होने के कारण खाना शुरू करने की जिम्मेदारी भी उन्हीं की है। आखिरकार उनके पास बैठे मेक्सिको के पर्यटन मंत्री ने उन्हें 7 कोर्स के डिनर और टेबल मैनर्स को समझने में मदद की।
इस घटना ने सुष्मिता सेन को काफी कुछ सिखाया। उन्होंने महसूस किया कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाने के लिए सिर्फ प्रतिभा और आत्मविश्वास ही नहीं, बल्कि सामाजिक तौर-तरीकों की जानकारी भी जरूरी है।
उन्होंने इसके बाद मिस यूनिवर्स संगठन से टेबल एटिकेट्स सीखने की बात रखी। उन्होंने बाकायदा 7 कोर्स मील की ट्रेनिंग ली, ताकि भविष्य में किसी बड़े प्रोग्राम में उन्हें असहज महसूस न करना पड़े।
इस दौरान उन्हें एक मजेदार एडवाइज भी मिली। उन्हें बताया गया कि किसी भी ऑफिशियल डिनर में जाने से पहले घर से पेट भरकर खाना खाकर निकलना चाहिए। इससे वहां खाने को लेकर जल्दबाजी नहीं होगी और इंसान आराम से अपनी ऑफिशियल जिम्मेदारियां निभा सकेगा। सुष्मिता सेन ने बाद में इस सलाह को अपनी लाइफ का खास नियम बना लिया।
सुष्मिता सेन ने साल 1996 में फिल्म 'दस्तक' से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने सलमान खान के साथ 'बीवी नंबर 1', 'सिर्फ तुम', 'मैं हूं ना' और 'फिलहाल' जैसी फिल्मों में काम किया। उन्होंने अपनी खूबसूरती के साथ-साथ एक्टिंग से भी दर्शकों का दिल जीता।
फिल्मों के अलावा ओटीटी की दुनिया में भी उन्होंने शानदार कमबैक किया। 'आर्या' में उनकी एक्टिंग को काफी तारीफ मिली। वहीं 'ताली' में ट्रांसजेंडर कार्यकर्ता गौरी सावंत का रोल निभाकर उन्होंने एक बार फिर अपनी एक्टिंग क्षमता साबित की।
सुष्मिता सेन की यह कहानी बताती है कि बड़ी सक्सेस मिलने के बाद भी लाइफ में सीखने का सिलसिला कभी खत्म नहीं होता। मिस यूनिवर्स का ताज जीतने के बाद जिस एक्ट्रेस को पूरी दुनिया जानने लगी थी, वह भी कभी सात कोर्स के डिनर में भूखी बैठी रह गई थीं।