चेहरे पर टिशू पेपर चिपकाकर राज कपूर के सामने पहुंच गई थीं जीनत अमान, एक्ट्रेस की जिद ने दिलाया था यादगार रोल

Zeenat Aman Birthday: हिंदी सिनेमा की उस एक्ट्रेस की कहानी, जिसने अपनी खूबसूरती के साथ-साथ अपने साहस और एक्टिंग से भी अलग पहचान बनाई। जीनत अमान का फिल्मी सफर कई दिलचस्प किस्सों से भरा हुआ है।
 Zeenat Aman Birthday
जीनत अमान(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • रूपा का रोल पाने के लिए खुद बदला था अपना लुक

  • चेहरे पर टिशू पेपर और गोंद से बनाए थे चहेरे के जले हुए निशान

  • राज कपूर की फिल्म में काम करने के लिए दिखाई थी खास लगन

  • 'हरे रामा हरे कृष्णा' और 'डॉन' जैसी फिल्मों से बनाई पहचान

  • जब अपने लुक को बिगाड़कर राज कपूर के सामने पहुंच गईं जीनत

Zeenat Aman Career: बॉलीवुड के इतिहास में कुछ एक्ट्रेसेस ऐसी रही हैं, जिन्होंने सिर्फ अपनी खूबसूरती से नहीं, बल्कि अपने आत्मविश्वास और काम के लिए जुनून से भी एक अलग मुकाम हासिल किया। जीनत अमान का नाम भी इसी लिस्ट में शामिल है।

70 और 80 के दशक में उन्होंने पर्दे पर अपनी एक अलग पहचान बनाई। उस दौर में उनका मॉर्डन लुक और बेबाक अंदाज की खूब चर्चा होती थी। हालांकि उनकी लाइफ का एक ऐसा किस्सा है, जो बताता है कि वह किसी रोल को पाने के लिए कितनी मेहनत कर सकती थीं।

यह किस्सा फिल्म 'सत्यम शिवम सुंदरम' से जुड़ा है। राज कपूर इस फिल्म में रूपा नाम की एक ऐसी लड़की का रोल दिखाना चाहते थे, जिसकी आवाज बेहद खूबसूरत हो, लेकिन चेहरे पर जलने के निशान हों। जीनत अमान को इस रोल में काफी दिलचस्पी थी, लेकिन उन्हें महसूस हुआ कि राज कपूर उन्हें इस किरदार के लिए पहली पसंद नहीं मान रहे हैं।

मिनी स्कर्ट और बूट्स वाली लुक बन गया था दिक्कत

जीनत अमान ने हाल ही में खुलासा किया था कि राज कपूर फिल्म की कहानी और रूपा के रोल के बारे में अक्सर बात करते थे। वह उनकी बातों को सुनती थीं और धीरे-धीरे इस रोल से जुड़ाव महसूस करने लगी थीं। हालांकि राज कपूर ने कभी इस बात की ओर इशारा नहीं किया कि वह जीनत को इस रोल में देखना चाहते हैं।

जीनत अमान को लगा कि उनका मॉर्डन लुक इसकी वजह हो सकती है। मिनी स्कर्ट और बूट्स में नजर आने वाली एक्ट्रेस को शायद राज कपूर गांव की सिंपल लड़की के रोल में फिट नहीं मान रहे थे। जीनत को यह बात खटकने लगी। उन्होंने सोच लिया कि वह खुद राज कपूर को दिखाएंगी कि रूपा के रोल को वह कितनी अच्छी तरह निभा सकती हैं।

 Zeenat Aman Birthday
जीनत अमान(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)

टिशू पेपर से बनाया जले हुए चेहरे का लुक

एक दिन शूटिंग समाप्त होने के बाद जीनत अपने ड्रेसिंग रूम में गईं। उन्होंने घाघरा-चोली पहनी, बालों में परांदा लगाया और अपने चेहरे पर टिशू पेपर को गोंद की सहायता से चिपकाकर जले हुए निशान तैयार किए। इस तरह उन्होंने रूपा का अपना एक अनोखा लुक तैयार किया।

इसके बाद वह सीधे उस जगह पहुंच गईं, जहां राज कपूर मौजूद थे। वहां पहुंचकर उन्होंने राज कपूर के असिसटेंट से कहा कि साहब को बताइए रूपा आई है। उनका यह अनोखा अंदाज किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। एक बहतरीन एक्ट्रेस होने के बाद भी उन्होंने अपनी पसंद का रोल हासिल करने के लिए खुद को इस तरह तैयार किया।

जीनत का यह किस्सा उनके आत्मविश्वास और एक्टिंग के लिए जुनून को दिखाता है। उन्होंने साबित कर दिया कि किसी कलाकार के लिए सिर्फ पर्दे पर खूबसूरत दिखना ही जरूरी नहीं, बल्कि रोल की जरूरत के अनुसार खुद को बदलना भी उतना ही अहम है।

जब 'सत्यम शिवम सुंदरम' ने बना दिया यादगार

साल 1978 में रिलीज हुई 'सत्यम शिवम सुंदरम' में जीनत अमान ने रूपा का रोल निभाया। यह फिल्म उनके करियर की सबसे फेमस फिल्मों में शामिल हो गई। फिल्म में उनकी एक्टिंग और रोल की खूब चर्चा हुई। आज भी हिंदी सिनेमा के यादगार किरदारों की बात होती है, तो रूपा का नाम जरूर लिया जाता है।

जीनत अमान ने देव आनंद की 'हरे रामा हरे कृष्णा', 'यादों की बारात', अमिताभ बच्चन की 'डॉन', 'कुर्बानी' और 'दोस्ताना' जैसी फिल्मों में भी अपनी एक्टिंग का जादू दिखाया। उन्होंने उस दौर में हिंदी फिल्मों की पारंपरिक नायिका की छवि को बदलने में अहम रोल निभाया।

 Zeenat Aman Birthday
Badshah Birthday: पहली परफॉर्मेंस के मिले थे सिर्फ 1500 रुपये, आज विदेशों तक बजता है बादशाह के रैप का डंका

पर्सनल लाइफ के उतार-चढ़ाव के बाद भी नहीं छोड़ा फिल्मों से रिश्ता

जीनत अमान की जिंदगी सिर्फ सक्सेस और पॉपुलेरिटी की कहानी नहीं रही। पर्सनल लाइफ में भी उन्हें कई मुश्किल दौर का सामना करना पड़ा। एक्टर मजहर खान से उनकी शादी हुई और उनके दो बेटे हुए। साल 1998 में मजहर खान के निधन के बाद जीनत ने काफी मुश्किल समय देखा।

हालांकि, उन्होंने समय के साथ खुद को संभाला और अपनी पहचान को बनाए रखा। बाद के सालों में वह फिर से सार्वजनिक इवेंट्स और मनोरंजन जगत में एक्टिव नजर आईं। आज भी उनकी लाइफ और करियर के किस्से लोगों को प्रेरित करते हैं।