Highlights
श्रद्धा कपूर फिल्म 'ईठा' में मशहूर लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर का किरदार निभा रही हैं।
फिल्म के ट्रेलर में श्रद्धा के चार दमदार डायलॉग सुनने को मिलते हैं।
'मेरा भरोसा ही मेरा घमंड था' डायलॉग किरदार के टूटे भरोसे और संघर्ष को दिखाता है।
'नाचते हुए मरी तो मिसाल बन जाऊंगी' संवाद विठाबाई के जुनून और हौसले को बयां करता है।
फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है और इसे मैडॉक फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है।
Eetha Trailer Dailogue: बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर की अपकमिंग फिल्म 'ईठा' का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। ट्रेलर सामने आते ही फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। इसमें श्रद्धा कपूर एक बिल्कुल अलग और दमदार अंदाज में नजर आ रही हैं। फिल्म की कहानी महान लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की जिंदगी पर आधारित है। ट्रेलर में उनके संघर्ष, आत्मसम्मान, टूटे भरोसे और कला के प्रति जुनून की झलक देखने को मिलती है। खास बात यह है कि फिल्म के कुछ डायलॉग्स काफी प्रभावशाली हैं, जो दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं।
ट्रेलर की शुरुआत श्रद्धा कपूर के एक इमोशनल डायलॉग से होती है। वह कहती हैं, 'तुमने ही कहा था देखते हैं क्या टूटता है? मेरा भरोसा या मेरा घमंड... मेरा भरोसा ही मेरा घमंड था, जब वो टूट गया ना सब टूट गया।' यह डायलॉग उनके किरदार के दर्द और जिंदगी में मिले धोखे को बयां करता है। श्रद्धा के चेहरे के हावभाव इस सीन को और प्रभावशाली बनाते हैं।
ट्रेलर में एक और डायलॉग सुनने को मिलता है, 'एक बार उतना ही भरोसा अपने आप पर कर, तुझसे नाच के मुकाबले में तकदीर भी नहीं जीत सकती है।' यह डायलॉग विठाबाई के आत्मविश्वास और उनकी कला के प्रति समर्पण को दिखाता है। इसके अलावा श्रद्धा कपूर कहती हैं, 'तू ही कहती थी न पड़े-पड़े मरी, तो बेचारी कहलाऊंगी, पर नाचते हुए मरी तो मिसाल बन जाऊंगी।' यह संवाद उनके जुनून और संघर्ष की कहानी कहता है।
फिल्म का सबसे खास डायलॉग नववारी साड़ी से जुड़ा है। श्रद्धा कहती हैं, 'नववारी कहते हैं इसे, क्या नववारी। ये सिर्फ कपड़ा नहीं अभिमान है, जिसे पहनने मिले वो भाग्यवान है। ये मराठी साड़ी का सम्मान है और मराठी मां की पहचान है ये।' इस संवाद के जरिए फिल्म में मराठी संस्कृति और परंपरा के प्रति सम्मान को दिखाया गया है।
'ईठा' का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है, जबकि दिनेश विजन के मैडॉक फिल्म्स बैनर तले इसे प्रोड्यूस किया गया है। फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, सिद्धार्थ जाधव, इश्तियाक खान और अनंत जोशी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।