Ram Charan And Upasana Twins Baby: साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार राम चरण के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। अभिनेता की पत्नी उपासना कोनिडेला ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया है। उपासना ने एक बेटे और एक बेटी को जन्म दिया, जिसके बाद राम चरण और उनका पूरा परिवार खुशी से झूम उठा है। इस खुशखबरी की पुष्टि खुद मेगास्टार चिरंजीवी ने सोशल मीडिया के जरिए की और फैंस के साथ अपनी खुशी साझा की।
चिरंजीवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि वे अत्यंत प्रसन्नता और आभार के साथ यह जानकारी साझा कर रहे हैं कि राम चरण और उपासना कोनिडेला के घर जुड़वा बच्चों का आगमन हुआ है। उन्होंने बताया कि मां और दोनों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं। चिरंजीवी ने इसे अपने लिए दादा-दादी बनने का आशीर्वाद बताया और सभी फैंस, शुभचिंतकों के प्यार और दुआओं के लिए धन्यवाद दिया।
राम चरण और उपासना की शादी साल 2012 में हुई थी। दोनों की सगाई दिसंबर 2011 में हुई थी और उनकी शादी को साउथ इंडस्ट्री की सबसे भव्य शादियों में गिना जाता है। उपासना, अपोलो हॉस्पिटल्स ग्रुप के संस्थापक प्रताप सी रेड्डी की पोती हैं और वह अपोलो चैरिटी की वाइस चेयरपर्सन भी हैं। इससे पहले जून 2023 में कपल ने अपनी पहली बेटी क्लिन कारा का स्वागत किया था। अब जुड़वा बच्चों के जन्म के साथ उनका परिवार और भी बड़ा हो गया है।
फैंस और सेलेब्स सोशल मीडिया पर राम चरण और उपासना को लगातार बधाइयां दे रहे हैं। हर कोई इस डबल खुशी पर कपल को शुभकामनाएं भेज रहा है। खास बात यह है कि दीवाली 2025 के दौरान उपासना ने अपने दूसरे बेबी शावर की झलक भी सोशल मीडिया पर साझा की थी, जिसके बाद से ही फैंस कयास लगा रहे थे कि जल्द ही घर में खुशखबरी आने वाली है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो राम चरण को आखिरी बार फिल्म ‘गेम चेंजर’ में देखा गया था। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाई। अब राम चरण अपनी आगामी स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म ‘पेड्डी’ की तैयारी में जुटे हैं, जिसमें उनके साथ जाह्नवी कपूर नजर आएंगी। निजी जीवन में डबल खुशी और प्रोफेशनल फ्रंट पर नई शुरुआत के साथ राम चरण इस वक्त बेहद खास दौर से गुजर रहे हैं।