Jr NTR Janhvi Kapoor Deepfake Video: जूनियर एनटीआर और जान्हवी कपूर की फिल्म ‘देवरा: पार्ट 1’ को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। फिल्म में दोनों की जोड़ी के साथ-साथ गाना ‘चुट्टामल्ले’ भी काफी लोकप्रिय हुआ था। अब इसी गाने से छेड़छाड़ कर बनाया गया एक मॉर्फ्ड और AI डीपफेक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर जूनियर एनटीआर ने कड़ी नाराजगी जताई है और इसे बनाने व फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही है।
जूनियर एनटीआर ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक बयान जारी कर इस वीडियो पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे बेहद शर्मनाक और महिलाओं का अपमान करने वाला बताया। अभिनेता ने कहा कि AI जैसी तकनीक का इस्तेमाल किसी महिला को अपमानजनक तरीके से पेश करने के लिए किया जाना बेहद गलत है।
जूनियर एनटीआर ने अपने बयान में कहा कि जिस देश में महिलाओं को मां और देवी के रूप में सम्मान दिया जाता है, वहां इस तरह की सामग्री बनाना और फैलाना गंभीर चिंता का विषय है। जूनियर एनटीआर ने साफ शब्दों में कहा कि इस मॉर्फ्ड ‘चुट्टामल्ले’ वीडियो के पीछे जो लोग हैं, उनके खिलाफ वह हर संभव कानूनी कार्रवाई करेंगे।
अभिनेता ने लोगों से भी अपील की कि वे ऐसे कंटेंट को न देखें, न शेयर करें और न ही किसी तरह का एंगेजमेंट दें। उनका कहना है कि आज इस तरह की घटना किसी और के साथ हुई है, लेकिन भविष्य में किसी की मां, बहन, पत्नी या बेटी को भी इसका शिकार बनाया जा सकता है। जूनियर एनटीआर ने इस मामले को गंभीर बताते हुए राज्य सरकारों और भारत सरकार से AI के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए सख्त नियम बनाने और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई करने की अपील की।
बता दें कि ‘देवरा: पार्ट 1’ से जान्हवी कपूर ने तेलुगु सिनेमा में डेब्यू किया था। फिल्म में जूनियर एनटीआर और जान्हवी कपूर के साथ सैफ अली खान भी अहम भूमिका में नजर आए थे। यह फिल्म 27 सितंबर 2024 को रिलीज हुई थी। फिल्म में काम करने के अनुभव को लेकर जान्हवी ने PTI से बातचीत में कहा था कि तेलुगु फिल्म में काम करने से उन्हें अपनी दिवंगत मां और अभिनेत्री श्रीदेवी के और करीब महसूस हुआ। वहीं, फिल्म का गाना ‘चुट्टामल्ले’ भी रिलीज के बाद काफी लोकप्रिय हुआ था।