

Jr NTR And Shahid Kapoor Dragon: साउथ सुपरस्टार जूनियर एनटीआर इन दिनों अपनी अपकमिंग पैन-इंडिया फिल्म 'ड्रैगन' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का निर्देशन 'केजीएफ' फेम प्रशांत नील कर रहे हैं। कुछ समय पहले शूटिंग के दौरान चोट लगने के बाद जूनियर एनटीआर को आराम करना पड़ा था, जिसकी वजह से फिल्म का काम प्रभावित हुआ। अब उनके ठीक होने के बाद मेकर्स जल्द ही शूटिंग दोबारा शुरू करने की तैयारी में हैं।
फिल्म में शाहिद कपूर की एंट्री को लेकर भी नई जानकारी सामने आई है। काफी समय से खबरें आ रही हैं कि शाहिद कपूर 'ड्रैगन' में एक अहम किरदार निभा सकते हैं। अब तेलुगु 360 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शाहिद कपूर हाल ही में हैदराबाद पहुंचे थे, जहां उनका लुक टेस्ट किया गया। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अभिनेता का लुक फाइनल कर लिया गया है। अगर ये रिपोर्ट सही साबित होती है तो शाहिद कपूर जल्द ही जूनियर एनटीआर के साथ इस बड़े एक्शन प्रोजेक्ट की शूटिंग करते नजर आ सकते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, शाहिद कपूर 'ड्रैगन' के अगले शूटिंग शेड्यूल में शामिल हो सकते हैं। वहीं जूनियर एनटीआर भी अक्टूबर में फिल्म की शूटिंग दोबारा शुरू करने की तैयारी में हैं। मेकर्स जल्द से जल्द फिल्म की शूटिंग पूरी करने की योजना बना रहे हैं।
'ड्रैगन' की रिलीज जून 2027 में प्रस्तावित है और इसे मैत्री मूवी मेकर्स प्रोड्यूस कर रहे हैं। इससे पहले फिल्म में आलिया भट्ट के शामिल होने की भी खबरें सामने आई थीं, लेकिन कास्ट को लेकर कई जानकारियां अभी आधिकारिक तौर पर सामने आना बाकी हैं।
फिल्म में जूनियर एनटीआर 'लुगर' नाम का किरदार निभा रहे हैं। उनके साथ रुक्मिणी वसंत को फीमेल लीड के तौर पर कास्ट किया गया है। वहीं अनिल कपूर नारकोटिक्स ब्यूरो चीफ रघुवीर राठौड़ की भूमिका में नजर आएंगे।
इसके अलावा आशुतोष राणा, बीजू मेनन, गुरु सोमसुंदरम, खुशबू सुंदर और राजीव कनकाला जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं। प्रशांत नील और जूनियर एनटीआर की यह फिल्म बड़े पैमाने पर बनाई जा रही है और इसे पैन-इंडिया ऑडियंस को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है।