Cocktail 2 Stars Trolled: बॉलीवुड कॉकटेल 2 इन दिनों रिलीज से पहले खूब चर्चा बटोर रही है। फिल्म में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना पहली बार एक साथ नजर आने वाले हैं। दर्शक इस नई तिकड़ी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए उत्साहित हैं, लेकिन फिल्म के प्रमोशन के दौरान सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर बहस का विषय बन गया है।
हाल ही में फिल्म की स्टारकास्ट प्रमोशनल इवेंट के लिए पुणे पहुंची थी। इसी दौरान का एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें तीनों सितारे हाथ में वड़ा पाव लेकर कैमरों के सामने पोज देते नजर आ रहे हैं। हालांकि, यह वीडियो दर्शकों को कुछ खास पसंद नहीं आया और इसके चलते कलाकारों को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना वड़ा पाव के साथ तस्वीरें खिंचवा रहे हैं। लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान इस बात पर गया कि सितारे वड़ा पाव खाने के बजाय केवल उसके साथ पोज दे रहे थे। वीडियो में कृति सेनन को यह कहते हुए सुना गया कि क्या हमें सच में खाना है, ऐसे सब कैमरों के सामने? वहीं रश्मिका मंदाना ने पूछा कि क्या हम बस इसके साथ पोज दे सकते हैं? इसी दौरान जब फोटोग्राफर्स ने शाहिद कपूर से वड़ा पाव का एक बाइट लेने का अनुरोध किया, तो उन्होंने कहा कि यह सब आप लोगों के लिए है।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने नाराजगी जताई। कुछ लोगों का कहना था कि कलाकार सिर्फ दिखावे के लिए स्थानीय खाने के साथ फोटो खिंचवा रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि वाह, क्या खाने की एक्टिंग है। दूसरे ने टिप्पणी की कि फिल्मों में एक्टिंग समझ आती है, लेकिन असल जिंदगी में भी एक्टिंग करना थोड़ा ज्यादा हो गया। वहीं कुछ यूजर्स ने कलाकारों का बचाव भी किया और कहा कि किसी वीडियो के कुछ सेकंड देखकर किसी की आलोचना करना सही नहीं है।
फिल्म की बात करें तो कॉकटेल 2 का निर्देशन होमी अदजानिया ने किया है। यह साल 2012 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म कॉकटेल का सीक्वल है, जिसमें सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। ट्रेलर को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है और अब फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।