‘वीर-जारा’ में कैमियो के लिए Manoj Bajpayee ने नहीं मांगी थी फीस, यश चोपड़ा ने घर भेज दिया था चेक

Manoj Bajpayee Fee: मनोज बाजपेयी ने 21 साल बाद खुलासा किया कि ‘वीर-जारा’ में कैमियो रोल के लिए उन्होंने फीस लेने से मना कर दिया था, लेकिन यश चोपड़ा ने उन्हें लीड रोल जितनी रकम का चेक भेजा था।
Manoj Bajpayee Veer Zaara Shah Rukh Khan Yash Chopra Pinjar Movie Shekhar Tonite
मनोज बाजपेयी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Manoj Bajpayee Veer Zaara Cameo: बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी अपनी दमदार अदाकारी और बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने 21 साल पुरानी सुपरहिट फिल्म ‘वीर-जारा’ से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। अभिनेता ने बताया कि उन्हें इस फिल्म में काम करने का मौका कैसे मिला और इसके लिए उन्हें कितनी फीस दी गई थी।

दरअसल, साल 2004 में रिलीज हुई ‘वीर-जारा’ में शाहरुख खान और प्रीति जिंटा मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म में मनोज बाजपेयी ने रजा शिराजी का छोटा लेकिन प्रभावशाली किरदार निभाया था। हाल ही में अभिनेता ने बताया कि इस कैमियो रोल के पीछे एक खास कहानी छिपी हुई है। शेखर सुमन के शो में बातचीत के दौरान मनोज बाजपेयी ने बताया कि दिवंगत फिल्मकार यश चोपड़ा ने उन्हें खुद फोन कर फिल्म का ऑफर दिया था।

पिंजर देखकर प्रभावित हुए थे यश चोपड़ा

यश चोपड़ा उनकी फिल्म पिंजर में किए गए अभिनय से बेहद प्रभावित थे। मनोज ने बताया कि यश चोपड़ा ने उनसे कहा था कि ‘पिंजर’ देखने के बाद उन्हें लगा कि यह किरदार केवल वही निभा सकते हैं। अभिनेता ने कहा कि वह यश चोपड़ा के साथ काम करने के लिए इतने उत्साहित थे कि उन्होंने स्क्रिप्ट तक सुनने की जरूरत महसूस नहीं की। उन्होंने तुरंत फिल्म के लिए हां कर दी।

जब यश चोपड़ा ने कही दिल छू लेने वाली बात

बातचीत के दौरान मनोज बाजपेयी ने बताया कि उन्होंने यश चोपड़ा से मजाक में कहा था कि अगली बार उन्हें बड़ा रोल दिया जाए। इस पर यश चोपड़ा ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि बेटे, मैं तेरे जैसे एक्टर के लिए कहां फिल्म बनाता हूं। जो रोल होंगे, तू करेगा नहीं। फिलहाल यह रोल कर दे और बढ़िया से कर। यश चोपड़ा की यह बात आज भी मनोज बाजपेयी को याद है और वह इसे अपने करियर के खास पलों में गिनते हैं।

फीस को लेकर हुआ बड़ा खुलासा

मनोज बाजपेयी ने यह भी बताया कि उन्होंने शुरुआत में फिल्म के लिए फीस लेने से इनकार कर दिया था। लेकिन यश चोपड़ा ने साफ कह दिया कि वह उन्हें मेहनताना जरूर देंगे। अभिनेता ने खुलासा किया कि उस समय वह मुख्य अभिनेता के तौर पर जितनी फीस लेते थे, लगभग उतनी ही राशि का चेक उनके घर भेज दिया गया था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com