Amrapali Dubey Bhojpuri Bawaal: भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री आम्रपाली दुबे एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं बल्कि उनकी निजी जिंदगी से जुड़ा एक बड़ा खुलासा है। 39 साल की आम्रपाली दुबे ने एक रियलिटी शो के दौरान मां बनने की इच्छा जाहिर की है। उनका यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है।
'भोजपुरी बवाल' के वायरल प्रोमो में आम्रपाली अपने परिवार के सामने कहती हैं कि वह अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा फैसला लेने जा रही हैं। वह कहती हैं कि उन्हें नहीं पता इस फैसले पर परिवार और फैंस की क्या प्रतिक्रिया होगी, लेकिन वह लंबे समय से मां बनने की इच्छा रखती हैं और अब इस बारे में खुलकर बात करना चाहती हैं। उनकी बात सुनकर परिवार के सदस्य भी हैरान रह जाते हैं। प्रोमो में रिश्तेदार उनसे बार-बार पूछते हैं कि क्या वह अपने फैसले को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं। इस दौरान आम्रपाली की आंखों में आंसू भी नजर आते हैं।
आम्रपाली कहती हैं कि मैं अपनी पूरी जिंदगी का शायद सबसे बड़ा निर्णय लेने जा रही हूं। मुझे नहीं पता कि इसका नतीजा क्या होगा, मेरी फैमिली कैसे रिएक्ट करेगी और मेरे फैंस क्या सोचेंगे, लेकिन मुझे लगता है कि मुझे यह कदम उठाना चाहिए। हालांकि प्रोमो में यह साफ नहीं किया गया कि वह किस तरह मां बनने की बात कर रही हैं। इस सवाल का जवाब शो के प्रसारण के दौरान ही सामने आएगा।
'भोजपुरी बवाल' एक फैमिली रियलिटी शो है, जिसमें भोजपुरी इंडस्ट्री के कई सितारे अपनी निजी जिंदगी से जुड़े अनसुने किस्से और भावनात्मक पल साझा करते नजर आएंगे। आम्रपाली दुबे का यह खुलासा शो का सबसे चर्चित हिस्सा बन गया है। शो का प्रसारण 2 अगस्त 2026 से जियो हॉटस्टार और कलर्स टीवी पर किया जाएगा। मेकर्स का दावा है कि दर्शकों को इसमें सितारों की जिंदगी का बिल्कुल अलग और निजी पहलू देखने को मिलेगा।
आम्रपाली दुबे भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। खासकर दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ के साथ उनकी ऑनस्क्रीन जोड़ी को दर्शकों ने हमेशा पसंद किया है। फिल्मों के अलावा उनकी सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। अब फैंस इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि आम्रपाली के इस भावुक फैसले के पीछे की पूरी कहानी आखिर क्या है और शो में वह अपनी जिंदगी से जुड़े कौन-कौन से नए खुलासे करती हैं।