

Vijay Film Jana Nayagan Collection Day 3: थलपति विजय की फिल्म 'जन नायकन' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। 23 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई यह फिल्म रिलीज से पहले ही जबरदस्त चर्चा में थी और अब कमाई के मामले में भी उम्मीदों पर खरी उतरती नजर आ रही है। पहले दो दिनों में मजबूत शुरुआत करने के बाद फिल्म ने तीसरे दिन भी अच्छी कमाई दर्ज की है।
शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, तीन दिनों में फिल्म 100 करोड़ रुपये के क्लब से महज कुछ कदम दूर पहुंच चुकी है। इस फिल्म ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर शानदार ओपनिंग ली थी। तमिलनाडु समेत कई राज्यों में रिलीज के दिन थिएटरों के बाहर जश्न जैसा माहौल देखने को मिला। फैंस ढोल-नगाड़ों के साथ थिएटर पहुंचे और फिल्म का जोरदार स्वागत किया। फिल्म ने पहले दिन 42.70 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया।
रिलीज के दूसरे दिन फिल्म की कमाई में गिरावट देखने को मिली और कारोबार 21.15 करोड़ रुपये पर आ गया। हालांकि वीकेंड की शुरुआत के साथ तीसरे दिन फिल्म ने फिर से अच्छी पकड़ बनाई। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार शाम तक फिल्म ने 19.15 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया था। रात के अंतिम आंकड़ों में इसमें और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।
तीसरे दिन भी फिल्म को सबसे ज्यादा कमाई तमिल वर्जन से मिली। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, तमिल भाषा में फिल्म ने 17.02 करोड़ रुपये, हिंदी वर्जन 'जन नेता' से 1.44 करोड़ रुपये, जबकि तेलुगु वर्जन से 69 लाख रुपये का कारोबार किया। इससे साफ है कि फिल्म का सबसे मजबूत बाजार तमिलनाडु बना हुआ है, हालांकि हिंदी बेल्ट में भी इसे धीरे-धीरे दर्शकों का साथ मिल रहा है।
तीन दिनों के बाद 'जन नायकन' का कुल नेट कलेक्शन लगभग 83 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। ऐसे में ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि रविवार की छुट्टी का फायदा मिलते ही फिल्म आसानी से 100 करोड़ क्लब में शामिल हो सकती है। विजय के स्टारडम और वीकेंड की भीड़ को देखते हुए चौथे दिन फिल्म के लिए बड़ी छलांग लगाने की उम्मीद की जा रही है। फिल्म में थलपति विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, प्रकाश राज और प्रियामणि अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।