

Bhojpuri Bawaal First Glimpse Out: टीवी रियलिटी शोज़ की दुनिया में सलमान खान का शो 'बिग बॉस' लंबे समय से दर्शकों का पसंदीदा बना हुआ है। लेकिन अब भोजपुरी इंडस्ट्री भी इस मुकाबले में उतर चुकी है। जियोहॉटस्टार और कलर्स टीवी ने अपने नए रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' का पहला ग्लिम्प्स जारी कर दिया है। टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी जमकर चर्चा शुरू हो गई है।
खास बात यह है कि भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने प्रोमो में दावा किया है कि उनका शो 'बिग बॉस' से भी आगे जाएगा। जारी किए गए प्रोमो में भोजपुरी सिनेमा के कई बड़े सितारे एक साथ नजर आते हैं। वीडियो में पवन सिंह, निरहुआ, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव एक डिनर टेबल पर बैठे दिखाई देते हैं।
भोजपुरी बवाल के प्रोमो के शुरुआत में माहौल सामान्य रहता है और सभी शो को लेकर बातचीत करते नजर आते हैं, लेकिन कुछ ही देर में हल्की-फुल्की बातचीत तीखी बहस में बदल जाती है। प्रोमो में सितारे एक-दूसरे की टांग खींचते, पुरानी अफवाहों और विवादों पर चर्चा करते दिखाई देते हैं। इसी वजह से दर्शकों को शो में भरपूर ड्रामा और मनोरंजन मिलने की उम्मीद है।
टीजर का सबसे चर्चित पल आखिर में देखने को मिलता है। बहस खत्म होने के बाद निरहुआ और आम्रपाली दुबे कार में बैठे नजर आते हैं। इसी दौरान निरहुआ कहते हैं कि ये भोजपुरी बवाल बिग बॉस के भी ऊपर जाएगा। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। फैंस इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग शो को लेकर उत्साहित हैं, जबकि कुछ का मानना है कि 'बिग बॉस' जैसी लोकप्रियता हासिल करना आसान नहीं होगा।
मेकर्स के मुताबिक, 'भोजपुरी बवाल' की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें किसी तरह के स्क्रिप्टेड टास्क या एलिमिनेशन का फॉर्मेट नहीं होगा। शो को पूरी तरह अनफिल्टर्ड रखा जाएगा, ताकि दर्शकों को भोजपुरी सितारों की असली पर्सनैलिटी और उनके बीच की नोकझोंक देखने को मिले। 'भोजपुरी बवाल' का प्रीमियर 2 अगस्त से जियो हॉटस्टार और कलर्स टीवी पर होगा।