Mamata Banerjee on Counting: पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों से पहले सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। एग्जिट पोल्स भले ही बंगाल में बीजेपी की जीत का दावा कर रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का जोश कम नहीं हुआ है। मतगणना से पहले ममता बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों और काउंटिंग एजेंटों के साथ बैठक की, जिसमें उन्होंने साफ तौर पर ‘200 पार’ का दावा कर जीत का शंखनाद कर दिया है।
ममता बनर्जी ने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए साफ कहा कि उनकी मेहनत रंग लाई है और उन्होंने जीत का आंकड़ा और बड़ा होने की बात कही है। ममता बनर्जी ने यह भी कहा क मतगणना सेंटर पर डटें रहें, चाहें रात के 2 ही क्यों न बज जाए।
मीटिंग की शुरुआत में ममता बनर्जी ने जीत का दावा किया। उन्होंने कहा, टीएमसी एक बार फिर भारी बहुमत के साथ सरकार बना रही है और पार्टी इस बार भी 200 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी। ममता बनर्जी ने कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि उन्होंने बहुत सारी लड़ाइयां लड़ी हैं और ये लड़ाई भी उनके ही पक्ष में खत्म हो रही है। ममता बनर्जी ने साफ कर दिया कि पार्टी का आंतरिक आंकलन एग्जिट पोल के नतीजों से उलट और सकारात्मक है।
CM ममता बनर्जी ने सभी काउंटिंग एजेंटों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि काउंटिंग वाले दिन किसी भी कीमत पर मैदान ना छोड़ें। उन्होंने सबको निर्देश दिया कि कार्यकर्ता तब तक काउंटिंग सेंटर पर डटे रहें, जब तक कि उन्हें खुद मुख्यमंत्री की ओर से आदेश न मिल जाए, चाहे फिर रात के 2 ही क्यों न बज जाएं। ममता बनर्जी का यह निर्देश उन आशंकाओं के बीच आया है जिसमें मतगणना के दौरान आखिर में गड़बड़ी की बातें कही जाती हैं। ममता बनर्जी ने कार्यकर्ताओं को मानसिक रूप से लंबी लड़ाई के लिए तैयार रहने के लिए कहा है।
यह भी पढ़ें- किसी भी हाल में क्षेत्र न छोड़ें विधायक, बंगाल चुनाव के नतीजों से पहले भाजपा ने जारी किया फरमान
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मतगणना के दौरान ‘नैरो मार्जिन’ यानी की कम अंतर से जीत हार वाली सीटों पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा है। ममता बनर्जी ने एजेंटों से कहा कि अगर किसी भी सीट पर 200-300 वोटों के अंतर से नतीजे विपक्ष के पाले में जा रहे हों, तो बिना देर किए रिकाउंटिंग की मांग करनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सतर्क किया कि जीत का सर्टिफिकेट लेने तक वे पूरी तरह सतर्क रहें और किसी भी छोटी गड़बड़ी को नजरअंदाज न करें।