जामा मस्जिद थाने में पूछताछ के दौरान शख्स ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला किया।
हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए, तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है।
Jama Masjid Police Attack: दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में एक शख्स ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों को सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो अन्य का इलाज संजीवनी अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को शिकायत मिली थी कि एक शख्स अपनी मां और बहन को परेशान कर रहा है। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने सोमवार को उसे पूछताछ के लिए जामा मस्जिद थाने बुलाया था। बताया जा रहा है कि थाने में पूछताछ के दौरान ही आरोपी ने अचानक पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति के खिलाफ अपनी मां और बहन को प्रताड़ित करने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसी पारिवारिक विवाद की जांच के लिए पुलिस ने आज नबील नामक आरोपी को जामा मस्जिद थाने बुलाया था। दोपहर करीब ढाई बजे जब थाने में उससे पूछताछ की जा रही थी, तभी उसने अचानक चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर वार कर दिया। हमले में पांच पुलिसकर्मियों के चेहरे और गर्दन पर चोटें आईं।
घायल पुलिसकर्मियों को शुरुआती उपचार के लिए पहले संजीवनी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर चिकित्सा के लिए तीन को सर गंगा राम अस्पताल रेफर किया गया। दूसरी ओर, हमला करने के तुरंत बाद आरोपी थाने से भाग निकला और फरार होने के लिए रास्ते में एक दोपहिया वाहन भी लूट लिया।
बाद में सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की ऑपरेशंस यूनिट की एक टीम ने आरोपी की तलाश करते हुए उसे चितली कब्र इलाके में घेर लिया। अरेस्ट करने की कोशिश के दौरान आरोपी ने एक बार फिर पुलिसवालों पर हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस टीम को भी गोली चलानी पड़ी। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।