

Highlights:
सीआईएसएफ जवान ने मेट्रो स्टेशन पर दिखाई फुर्ती
संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ने का वीडियो हो रहा वायरल
अंडरगारमेंट में 155 ग्राम सोने के पाउडर जैसा पदार्थ मिला था
Delhi Crime News: दिल्ली के जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर सीआईएसएफ जवान को बड़ी कामयाबी मिली है। एक जवान ने फुर्ती दिखाते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ने में कामयाब रहा। आरोप है कि जब एक्स-रे बैगेज इंस्पेक्शन सिस्टम की स्क्रीन पर कोई संदिग्ध वस्तु दिखी, तो वह यात्री वहां से भागने की कोशिश करने लगा।
समाचार एजेंसी ANI की रिपोर्ट के अनुसार, जांच करने पर दिल्ली पुलिस ने अंडरगारमेंट में छिपाकर रखा गया लगभग 155 ग्राम सोने के पाउडर जैसा पदार्थ बरामद किया।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के रहने वाले और मलेशिया के कुआलालंपुर का पता बताने वाले मोहम्मद शोएब नाम के व्यक्ति को आगे की जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया।
यात्री ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसे एग्जिट गेट के पास पकड़ लिया गया। सोमवार को एक्स पर किए गए एक पोस्ट में बताया गया कि DMRC के जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर तैनात सतर्क CISF जवानों ने तब तुरंत कार्रवाई की, जब सामान की जांच के दौरान एक्स-रे मशीन के स्क्रीन पर एक संदिग्ध और घनी वस्तु दिखी और एक यात्री ने वहां से भागने की कोशिश की।
इस घटना से जुड़ी एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि एक जवान ने अपनी फुर्ती और बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए भाग रहे यात्री का पीछा किया और उसे एग्जिट गेट के पास पकड़ लिया।
CRPF द्वारा जारी एक वीडियो में, यात्री को स्टेशन से बाहर निकलने के लिए एस्केलेटर की तरफ भागने से पहले फोन पर बात करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में एक CRPF जवान सीढ़ियों से ऊपर जाता है, यात्री के पहुंचने से पहले ही ऊपर पहुंच जाता है और उसे पकड़ लेता है।
पुलिस ने बताया कि 17 अक्टूबर को उन्हें एक कॉल मिली कि CISF के जवानों ने एक व्यक्ति को पकड़ा है। गश्त पर तैनात ASI मासूम रजा मौके पर पहुंचे और शोएब को अपनी कस्टडी में ले लिया।
ANI के अनुसार, पुलिस ने बताया कि जब उसके सामान की तलाशी ली गई, तो उसके बैकपैक में रखे एक अंडरगारमेंट के अंदर सोने के पाउडर जैसा कोई पदार्थ छिपा हुआ मिला, जिसका वजन लगभग 155 ग्राम था।
शोएब ने पुलिस को बताया कि वह मलेशिया में रहता है और टेक्सटाइल सेक्टर में काम करता है। उसने बताया कि वह 16 अक्टूबर को यह पदार्थ लेकर दिल्ली आया था और जामा मस्जिद इलाके के एक होटल में रुका था। लाजपत नगर जाते समय उसे जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर रोक लिया गया।
पुलिस को शक था कि मिला हुआ पदार्थ कोई नशीला या साइकोट्रोपिक पदार्थ हो सकता है, इसलिए जांच के लिए नारकोटिक्स विभाग से संपर्क किया गया। पुलिस ने बताया कि बाद में जांच में पता चला कि वह पदार्थ कोई नशीला पदार्थ नहीं था। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।