400 एकड़ सरकारी जमीन को निजी व्यक्तियों के नाम दर्ज कराए जाने का आरोप।
कथित तौर पर रिकॉर्ड में बदलाव कर इसे निजी नामों पर चढ़ा दिया गया।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश चंद्रा ने इस कथित गड़बड़ी की शिकायत से मची खलबली।
सक्ती कलेक्टर जयश्री जैन ने जांच करने के दिए आदेश।
Chhattisgarh Land Scam Case: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में सरकारी जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में कथित हेराफेरी का बड़ा मामला सामने आया है। डोलोमाइट के लिए पहचाने जाने वाले झालरौंदा गांव में करीब 400 एकड़ सरकारी जमीन को निजी व्यक्तियों के नाम दर्ज कराए जाने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि यह जमीन राजस्व रिकॉर्ड में छोटे और बड़े झाड़ के जंगल के रूप में दर्ज थी लेकिन कथित तौर पर रिकॉर्ड में बदलाव कर इसे निजी नामों पर चढ़ा दिया गया।
इस पूरे मामले में राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। शिकायत में पटवारी और तहसीलदार की कथित संलिप्तता की बात कही गई है। आरोप है कि इस जमीन के आधार पर कुछ लोगों ने खुद को किसान बताकर सरकारी धान खरीदी व्यवस्था का भी लाभ उठाया। फर्जी किसान के रूप में धान बेचने और शासन से लाखों रुपये का बोनस लेने का आरोप भी सामने आया है।
मामले की परतें तब खुलनी शुरू हुईं जब पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश चंद्रा ने इस कथित गड़बड़ी की शिकायत सक्ती कलेक्टर से की। शिकायत में सरकारी जमीन के रिकॉर्ड में बदलाव से लेकर धान खरीदी में कथित फर्जीवाड़े तक की जांच की मांग उठाई गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अब प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है। सक्ती कलेक्टर जयश्री जैन ने पूरे प्रकरण की जांच कराने और जांच के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
हालांकि इस मामले में सबसे बड़ा सवाल राजस्व रिकॉर्ड में इतनी बड़ी जमीन का स्वरूप और मालिकाना हक बदलने को लेकर है। यदि आरोप सही साबित होते हैं तो यह सिर्फ सरकारी जमीन पर कब्जे का मामला नहीं होगा, बल्कि राजस्व व्यवस्था और धान खरीदी प्रक्रिया में मिलीभगत का भी गंभीर मामला बन सकता है।
अब देखना होगा कि जांच में किन लोगों की भूमिका सामने आती है और क्या कथित फर्जी किसानों से सरकारी राशि की वसूली के साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो पाती है।